रोहतक: सीवरेज प्लांट की सफाई करने उतरे चार कर्मचारियों की मौत, परिजनों में मची चीख पुकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पब्लिक हेल्थ के वाटर डिस्पोजल पंप में काम करते समय बुधवार सुबह जहरीली गैस के रिसाव से चार सफाई कर्मियों की मौत हो गई। साथ ही पंप हाउस में 10 फीट पानी भरने से दो शव आठ घंटे की जद्दोजहद के बाद निकाले जा सके।
चंडीगढ़ से विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मृतक धर्मेंद्र के भाई प्रमेंद्र के बयान पर पब्लिक हेल्थ के एसई विशाल बंसल, एक्सईएन विजेंद्र हुड्डा, एसडीओ सुरजीत कुमार, जेई संदीप धनखड़ व एक अन्य कर्मचारी नीरज के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, एससी-एसटी एक्ट 3, प्रोहेबिटीशन ऑफ इम्पलॉइल एज मनूवल एससीवेंगर एडं देयर रेहेबिलेटिशियन एक्ट 2013 की धारा 7 और 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक शौरा कोठी निवासी प्रमेंद्र ने बयान दर्ज कराए हैं कि सुबह साढ़े 8 बजे पब्लिक हेल्थ डिवीजन नंबर तीन के मेन डिस्पोजल से नीरज नाम का कर्मचारी आया और मेरे भाई 39 वर्षीय धर्मेंद्र को अपने साथ डिस्पोजल पर ले गया। जहां पहले से कैथल निवासी अनिल सैनी (35), पालिका कॉलोनी निवासी रणजीत (28), उत्तर प्रदेश ऊंचाहार के गांव आकौड़ियां निवासी संजय (30) भी मौजूद थे।
नीरज ने अपने सीनियर अधिकारियों जेई संदीप धनखड़, एक्सईएन वीरेंद्र हुड्डा, एसडीओ सुरजीत व एसई विशाल बंसल से परमिशन लेकर मेरे भाई व तीन अन्य से पंप की सफाई करने को कहा। चारों ने कहा कि अंदर जहरीली गैस हो सकती है। इसके बावजूद चारों कर्मचारियों को नीचे उतार दिया गया। जैसे ही पंप को खोला, उसके अंदर से जहरीली गैस निकली, जिसके प्रभाव से चारों की मौत हो गई।
धर्मेंद्र व संजय का शव तुरंत निकाल कर पीजीआई ले जाया गया। जबकि अनिल व रणजीत का शव पंप हाउस में सीवर का गंदा पानी भरने से आठ घंटे बाद निकाला जा सका। प्रमेंद्र ने रणजीत के भाई तूफान के साथ मिलकर शिकायत दी है कि चारों की मौत पब्लिक हेल्थ के एसई विशाल बंसल, एक्सईएन विजेंद्र हुड्डा, एसडीओ सुरजीत कुमार, जेई संदीप धनखड़ व इलेक्ट्रिशियन नीरज की लापरवाही से हुई है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ विभिन्न धाराओं व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया।
चीफ इंजीनियर चंडीगढ़ से पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलने पर चीफ इंजीनियर अनिल कुमार पाहवा चंडीगढ़ से रोहतक पहुंचे और उन्होंने डिस्पोजल का मुआयना किया। अधिकारी ने पूरे मामले पर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही सुबह मौके पर उपायुक्त आरएस वर्मा, एसडीएम राकेश कुमार, पब्लिक हेल्थ के अधीक्षण अभियंता विशाल बंसल, कार्यकारी अभियंता विजेंद्र हुड्डा, कार्यकारी अभियंता भानू प्रताप, डीएसपी ताहीर हुसैन, डीएसपी गौरखपाल आदि मौजूद रहे।
बोले अधिकारी
पब्लिक हेल्थ के डिस्पोजल पर हादसे का शिकार हुए चार कर्मचारियों के परिजनों के साथ प्रशासन की सहानुभूति है। इनकी मौत के कारण में करंट, जहरीली गैस व पानी का भराव कुछ भी हो सकता है। इसकी मजिस्ट्रेट जांच होगी। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही फाइनल तौर पर मौजूद के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी। -आरएस वर्मा, उपायुक्त
परिजन बोले, मांगने पर नहीं कराए गए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध
प्रमेंद्र ने आरोप लगाया है कि जिस समय अधिकारियों ने उसके भाई और अन्य को कहा था कि नीचे उतरकर पंप साफ करो तो उसने कहा कि चैंबर में खतरा बहुत है, इसके अंदर जहरीली गैस हो सकती है। सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाए। आरोप है कि इसके बावजूद नीरज ने कहा कि तुम्हारी जाति का यही काम है नीचे उतरकर सफाई करो।
इसके बाद ही चारों ने नीचे उतरकर काम शुरू किया था। इसके बाद गैस रिसाव से उनकी जान चली गई। पीड़ित का कहना है कि यदि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते तो हादसा नहीं होता। चारों की मौत पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों की लापरवाही से हुई है।