पटियाला में सड़क हादसों में चाचा-भतीजा समेत चार लोगों की मौत, दो घायल, 10 बकरियां भी मरीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाना-पातड़ां रोड पर गांव ककराला के पास मंगलवार सुबह पिकअप का पंक्चर टायर बदलते समय चाचा-भतीजे के ट्राले की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। उनके दो साथी बुरी तरह से घायल हो गए। साथ ही हादसे में पिकअप में ले जाई जा रही 10 बकरियां भी मर गईं। वारदात के बाद ट्राला चालक ने ट्राला भगाने की कोशिश की लेकिन उसे पकड़ लिया गया। खबर लिखे जाने तक मवी कलां पुलिस चौकी ने आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था।
पुलिस के पास दर्ज शिकायत में पिकअप चालक तीरा राम ने बताया कि वह अपने साथियों रिंकू (22) पुत्र बाला राम निवासी गांव साधनवास (जाखल) और उसके चाचा बाबू राम (60) निवासी गांव भड़ोला (फतेहाबाद), सुखदेव और नत्थू राम के साथ विजय नगर (राजस्थान) से पिकअप में बकरियां भरकर अंबाला शहर जा रहे थे।
बुधवार सुबह उनकी गाड़ी समाना-पातड़ां रोड पर गांव ककराला के पास पंक्चर हो गई। रिंकू और उसका चाचा बाबू राम गाड़ी का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से ईंटों से भरे आ रहे ट्राले ने रिंकू व उसके चाचा बाबू राम को टक्कर मार दी। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। टक्कर में पिकअप भी पलट गई। हादसे में सुखदेव सिंह व नत्थू राम को भी चोट आई। साथ ही हादसे में 10 बकरियां भी मर गईं। हादसे के बाद घायलों को समाना के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
उधर हादसे के बाद ट्राला चालक ने मौके से ट्राला भगाकर ले जाने की कोशिश की तो पीछे से आ रहे पिकअप गाड़ी वालों के साथियों ने कुछ दूरी पर ही आरोपी को घेरकर काबू कर लिया और पुलिस को सौंप दिया। मवी कलां पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दूध टैंकर और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत
थाना जुल्कां के अधीन पड़ते गांव अदालतीवाला के पास टांगरी नदी के पुल से थोड़ी दूर मंगलवार सुबह एक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गांव चपराहड़ के रहने वाले दो युवक गुरविंदर सिंह (18) और नायब सिंह (25) बाइक पर जा रहे थे।
रास्ते में गांव अदालतीवाला के डेरा बारांवाला के पास सामने से आ रहे दूध के टैंकर ने गलत साइड में जाकर बाइक में टक्कर मारी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की टैंकर के पिछले टायर में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया। उधर सूचना मिलने पर थाना जुल्कां पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी राजिंदरा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दूध टैंकर के चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।