लुधियाना में धागा गोदाम में लगी भीषण आग, दम घुटने से मजदूर की मौत, पांच घंटे बाद बुझी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फोकल प्वाइंट फेज पांच स्थित रोजी स्पीनिंग मिल के गोदाम में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग लगने से उठे धुएं से दम घुटने के कारण अंदर सो रहे मजदूर की मौत हो गई। पास में लगी मशीनों पर काम करने वाले मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला रायबरेली स्थित भवानीगढ़ के रहने वाले बनवारी (47) के रूप में हुई है।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारण गोदाम में पड़ा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। रोजी स्पीनिंग मिल के मालिक एमएस चावला ने बताया कि रात के समय फैक्ट्री में मजदूर काम करते थे जबकि बनवारी की ड्यूटी गोदाम में होती थी।
देर रात को अचानक गोदाम में आग लग गई। बनवारी काम खत्म करने के बाद वहीं पर सो गया था। रात होने की वजह से अंदर ज्यादा धुआं हो गया और उसकी दम घुटने की वजह से मौत हो गई। अचानक आग लगने की वजह से काम करने वाले मजदूर एकदम से बाहर निकले और अपनी जान बचाई। एक बार तो वहां अफरातफरी मच गई।
मजदूरों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के आने के बाद फैक्ट्री में काम करने वाला देवेंद्र अंदर गया और वहां पड़े बनवारी को बाहर लाया ताकि उसे अस्पताल पहुंचाया जा सके लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फैक्ट्री मालिक एमएस चावला ने बताया कि फैक्ट्री में आग लगने की वजह से लाखों का माल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। जिला फायर अफसर भूपिंदर सिंह ने बताया कि फायर ब्रिगेड की तरफ से 30 से 35 गाड़ियां पानी डाला गया था। कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसकी जांच की जा रही थी।