चंडीगढ़: पुलिस को आशंका रोमानिया में बैठे गैंगस्टर लक्की के इशारे पर हुई सुरजीत की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते सोमवार रात सेक्टर-38 वेस्ट स्थित स्मॉल चौक के पास ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर बाउंसर सुरजीत की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को आशंका है कि सुरजीत की हत्या के पीछे रोमानिया में बैठे गौरव पटियाल उर्फ लक्की का हाथ है। इसके अलावा पुलिस सुरजीत के फाइनेंस के बिजनेस में हुए कई लड़ाई-झगडे़ और बाउंसर उपलब्ध करवाने को लेकर हुई रंजिश से सुरजीत की हत्या का खुलासा करने में जुटी हुई है।
गैंगस्टर दिलप्रीत के साथ मिलकर गौरव पटियाल ने पंजाबी गायक परमीश वर्मा पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद से वह फरार है। पुलिस अब आरोपी के बारे में सबूत जुटाने में लगी हुई है। जांच में पुलिस को गौरव की आखिरी लोकेशन रोमानिया में मिली है। शूटर दविंदर बंबीहा के फेसबुक अकाउंट पर लक्की का नाम सामने आने पर इसका खुलासा हुआ।
शक की सुई मई 2017 में सकेतड़ी मंदिर के पास बाउंसर अमित शर्मा उर्फ मीत की हुई हत्या की रंजिश से जुड़ रही है। गौरव पटियाल अमित शर्मा उर्फ मीत का खास माना जाता है। इसी रंजिश में सुरजीत की हत्या हुई है। वहीं, पुलिस सुरजीत के फाइनेंस बिजनेस से जुड़े सभी एंगल को भी जोड़कर देख रही है। पुलिस के अनुसार, सुरजीत की कई मामलों में लड़ाई झगडे़ की रंजिश चल रही थी। सुरजीत की हत्या के बाद पुलिस एरिया और वारदात स्थल के आसपास मोबाइल डंप डाटा इकट्ठा करने में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार फेसबुक पर पोस्ट मोगा से अपलोड की गई है।
हत्या केस में पैरोल से फरार हुआ लक्की
गौरव पटियाल उर्फ लक्की गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्डा का भी खासमखास बताया जा रहा है। लक्की हत्या के एक मामले में पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद से वह फरार हो गया। अप्रैल 2018 में गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह बाबा के साथ लक्की का नाम पंजाबी गायक परमीश वर्मा पर जानलेवा हमले में आया था। इस मामले में पकड़ में न आने के बाद इसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। सूत्रों के अनुसार पुलिस को आशंका है कि रोमानिया में बैठकर लक्की के इशारे पर सुरजीत की हत्या हुई है।
10 मिनट में पहुंच रहा हूं घर, 20 मिनट बाद सुनी मौत की खबर
पुलिस को दी शिकायत में सुरजीत की पत्नी मीनाक्षी ने बताया कि वह किराए के मकान में बेटे और सुरजीत के साथ रहती है। सुरजीत सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट में फाइनेंस का काम करता था। सोमवार रात को वह समय से घर नहीं आए, जिसके बाद रात करीब 10.33 बजे सुरजीत को कॉल की गई। सुरजीत ने कहा कि थोड़ी देर इंतजार करो, वह 10 मिनट में घर पहुंच जाएगा। इसके बाद रात 10.54 बजे दोबारा फोन किया तो एक शख्स ने मोबाइल पर कहा कि सुरजीत को गोली मार दी गई है।
फेसबुक पोस्ट पर लिखा- लक्की ने ओहनू मार के अपनी यारी निभाई
सितंबर 2016 में बठिंडा पुलिस के एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर दविंदर बंबीहा के फेसबुक अकाउंट पर सुरजीत की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा गया कि वीरों आप सब नू जानकारी देन लई, एहे पोस्ट पाई जा रही आ, आज अपने प्रा लक्की ने अपने प्रा मीत मनीमाजरा आले दा बदला सुरजीत बाउंसर नूं मार के ले लेया।
ते जेहड़े हौर भी अपने दुश्मन है ओना द भी ऐहो हाल होना। जे ओहना ने किसे साडडे प्रा द नुकसान करन द सोचया त उन्हा द भी यही काम हाउगा। साड्डी दुश्मनी पुरानी हो सकती है पर भुल्ली नहीं जांदी। अज तो तीन साल पहला सुरजीत ने अपना प्रा मीत मरया से। ते अज अपने प्रा लक्की ने ओहनू मार के अपनी यारी निभाई। अस्सी कदे नाजायज कम नीं कित्ता।
जीएमएसएच-16 में हुआ पोस्टमार्टम
मंगलवार दोपहर बाउंसर सुरजीत का पोस्टमार्टम जीएमएसएच-16 में हुआ। पुलिस ने कागजी कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। सुरजीत तीन भाइयों में मझला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सुरजीत के कान के ऊपर गोली लगने के कारण उसकी मौत हुई है।
यह है मामला
सोमवार रात सेक्टर-38 वेस्ट निवासी बाउंसर सुरजीत अपनी सियाज कार से मोहाली से वापस घर लौट रहा था। स्मॉल चौक के पास पहुंचा तो काले रंग की बाइक सवार दो बदमाशों ने सुरजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे वह लहूलुहान हो गया। सुरजीत को तुरंत पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मलोया थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 34, आर्म्स एक्ट, हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।