पाकिस्तान से आए टैंकर में बार्डर पर धमाका
पाकिस्तान से भारत के अटारी बॉर्डर के इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) पर बुधवार सुबह एक केमिकल से भरे ट्रक टैंकर में अचानक धमाका हो गया। टैंकर में हाइड्रोजन पैराडाइएक्साइड नाम का केमिकल भरा हुआ था।
धमाका इतना जबरदस्त था कि टैंकर का ऊपरी हिस्सा दो हजार गज की दूरी पर जा कर गिरा। हालांकि इस घटना के दौरान किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस, कस्टम, बीएसएफ के अधिकारी और अमृतसर के डीसी रविभगत मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
डीसी ने इस घमाके की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। यह टैंकर केमिकल पाकिस्तान से ही लेकर भारत पहुंचा था। इस घटना के संबंध में भारतीय अधिकारियों ने पाक के सभी अधिकारियों और अलग-अलग एजेंसियों को भी सूचित कर दिया है।
फोरेंसिक विभाग की टीम करेगी जांच
मामले की जांच के लिए डीसी ने एसडीएम अमृतसर -1 रोहित गुप्त को जांच अधिकारी तैनात किया है। डीसी रविभगत ने बताया कि जब केमिकल का भरा टैंकर आईसीपी पहुंचा तो उसे खड़ा करके ड्राइवर पर्ची कटवाने के लिए काउंटर पर चला गया।
इसके कुछ समय बाद ही टैंकर में अचानक धमाका हो गया। जांच के लिए चंडीगढ़ से फोरेंसिक विभाग की टीम को भी पहुंचने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
घटना स्थान का जायजा लेने के लिए बीएसएफ के डीआईजी एमएफ फारुखी, बार्डर जोन के आईजी ईश्वर चंद्र आदि भी पहुंचे थे। धमाके के बाद टैंकर के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया और उसके खिलाफ थाना घरिंडा में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।