चंडीगढ़। जरूरतमंदों की मदद करने वाली मोहाली की समाजसेवी संस्था प्रभ आसरा पिछले कुछ दिनों से खुद मुश्किल में है। सरकार व लोगों से मदद मांग रही है। संस्था पर करीब 93 लाख रुपये का बिजली का बिल बकाया है, जिसे जमा नहीं करने पर 10 जनवरी को विभाग ने कनेक्शन काट दिया है। अब सभी अंधेरे में हैं और सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं।सेक्टर-27 स्थित चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रभ आसरा ट्रस्ट के केयरटेकर व कुछ इनमें रहने वाले आश्रितों ने प्रेसवार्ता की। बताया कि प्रभ आसरा पर करीब 93 लाख का बिजली बिल बकाया है, इसलिए 10 जनवरी 2024 से बिजली काट दी गई है। ऐसे में पुनर्वास केंद्र के लोगों ने लगातार प्रशासन से राहत देने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि उनकी मजबूरी समझी जाए और उन्हें राहत दी जाए। प्रभ आसरा के संचालकों ने कहा कि कोरोना काल से पहले वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते रहे हैं लेकिन कोरोना काल में चीजें नियंत्रण से बाहर हो गईं। ऐसे में अब बिजली बिल की कुल बकाया राशि लगभग 93 लाख रुपये हो गई है और एनजीओ इसे चुका पाने में पूरी तरह से असमर्थ है।
प्रभ आसरा ट्रस्ट के फाउंडर शमशेर सिंह ने बताया कि बिना किसी पक्की आय के चलने वाले प्रभ आसरा ट्रस्ट के बेसहारा मानसिक रोगियों के होम की हालत दयनीय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह जनरेटर से गुजारा करने की कोशिश तो कर रहे हैं लेकिन बड़ी मशीनें, हीटर, मोटरें नही चल पाते। सभी ने एक सुर में बिजली का बिल माफ करने और बिजली बहाल करने की मांग की।