भाजपा की बैठकः बीएल संतोष बोले- अर्जुन न बन पाए तो सारथी श्रीकृष्ण बनकर जीत दिलवाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की ओर से 90 विधानसभा के नवनियुक्त चुनाव प्रभारियों की मीटिंग गुरुवार को रोहतक में हुई। जिला विकास भवन के प्रथम तल पर टिकट की दौड़ से बाहर मानकर चल रहे हलका प्रभारियों के चेहरे देखकर, भाजपा के केंद्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष कुमार ने कहा कि यह महाभारत की जमीन है।
चुनावी महाभारत में मान लिया जाए कि आप अर्जुन नहीं बन पाए, लेकिन श्रीकृष्ण बनकर जीत दिलवाएं। क्योंकि महाभारत के युद्ध में अर्जुन से ज्यादा भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका थी। वहीं, प्रदेश प्रभारी डॉक्टर अनिल जैन, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, करनाल से सांसद एवं प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया, संदीप जोशी, एडवोकेट वेदपाल ने भी अपने विचार रखे।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के एक दिन के प्रदेश प्रवास के दौरान रोहतक पहुंचे। जहां नव नियुक्त विधानसभा प्रभारियों की मीटिंग ली। बीएल संतोष कुमार ने कहा कि विधानसभा के चुनाव को सुनियोजित ढंग से जीतने का पूरा उत्तरदायित्व आपके कंधों पर है। कई साथी खुद को टिकट की दौड़ में मान रहे थे लेकिन अब हलका प्रभारी बनाने से समझ रहे हैं कि दौड़ से बाहर हो गए हैं।
ऐसा नहीं है, टिकट देना पार्टी का काम है। किसी को भी टिकट मिल सकती है। अगर टिकट न मिल पाए तो पार्टी के लिए काम करें। एक ही लक्ष्य रखें, कमल का फूल। वहीं, डॉक्टर अनिल जैन ने कहा कि शादी के समय दूल्हा तो एक होता है, लेकिन खुशी सभी को होती है।
वहीं, करनाल से सांसद संजय भाटिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव में करनाल से टिकट आखिरी समय में मेरा नाम तय हुआ था। उस समय वे लोकसभा प्रभारी थे। जब टिकट मिला तो चुनाव प्रभारी का पद छोड़कर नामांकन किया था। ऐसे में हलका प्रभारियों में से भी किसी का भी नंबर लग सकता है।
टिकट हासिल नहीं करने वाले दावेदारों को साथ लेकर चलें
भाजपा नेताओं ने कहा कि टिकट एक व्यक्ति को मिलेगा, जबकि कई हलकों में 10 से ज्यादा दावेदार हैं। दावेदारों में से टिकट न मिलने वालों को चुनाव प्रबंधन समिति, वित्त समिति, आर्थिक टोली, प्रचार समिति से लेकर दूसरी समितियों में शामिल कर सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं की सक्रियता सुनिश्चित करें। मीटिंग करीब डेढ़ घंटे चली। मीटिंग में बताया गया कि एक सप्ताह के अंदर विधानसभा चुनाव घोषित होने की पूरी संभावना हैं। ऐसे में तैयारियां शुरू कर दें।
किंग मेकर की भूमिका निभाएं हलका प्रभारी: बराला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने हलका प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे पीएम मोदी की रैली को कामयाब बनाया था, उसी तरह विस चुनाव में भी सफलता हासिल करनी है। किंगमेकर की भूमिका निभाएं। 11 से 14 सितंबर तक चलने वाले जनसंपर्क अभियान में भी हलका प्रभारियों की भूमिका है।