चौटाला परिवार में घमासान तेज, दुष्यंत के बाद अब दिग्विजय पर गिरी गाज, पार्टी से हुए निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चौटाला परिवार में राजनीतिक विरासत संभालने की लड़ाई और तेज हो गई है। पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने परिवार की चौथी पीढ़ी और अपने पोतों सांसद दुष्यंत चौटाला और इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को एक और झटका दिया है। गुरुवार को चौटाला ने जहां इनेलो की यूथ विंग और इनसो को भंग करते हुए दुष्यंत को पार्टी के सभी पदों से निलंबित कर दिया था, वहीं शुक्रवार को दिग्विजय चौटाला का विकेट भी गिरा दिया। ओपी चौटाला ने दिग्विजय को भी पार्टी से निलंबित कर दिया है, साथ ही दुष्यंत की इनेलो की प्राथमिक सदस्यता भी सस्पेंड कर दी है।
दिग्विजय को भी गोहाना रैली में अनुशासनहीनता के चलते निलंबित किया गया है। दिग्विजय के निलंबन से पार्टी और परिवार में अंतर्कलह और बढ़ने के आसार हैं। ओपी चौटाला का फरलो 17 अक्टूबर को खत्म हो रहा है, 18 अक्टूबर को वापस वह तिहाड़ जेल चले जाएंगे। दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला इससे पहले पार्टी सुप्रीमो और दादा से मिलकर अपना पक्ष रखना चाहते थे लेकिन ओपी चौटाला ने शुक्रवार को उन्हें मुलाकात का समय नहीं दिया।
इसलिए दोनों भाई अपना पक्ष नहीं रख पाए। दुष्यंत और दिग्विजय दिल्ली में 18 जनपथ में हैं। शनिवार को दुष्यंत चौटाला यहां अपने समर्थकों से मंत्रणा करेंगे। सरकारी आवास पर होने वाली बैठक में समर्थकों के साथ बातचीत करने के बाद ही वह अगली रणनीति बनाएंगे। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने गुरुवार को इनसो पदाधिकारियों से दिल्ली में मंत्रणा की है।
जल्दबाजी में दोनों कोई भी कदम नहीं उठाएंगे। समर्थकों और अपने पिता अजय चौटाला की सलाह के बाद ही वे अपनी रणनीति का खुलासा करेंगे। दुष्यंत और दिग्विजय को एक सप्ताह के भीतर निलंबन के बाद जारी किए गए नोटिस का जवाब इनेलो सुप्रीमो को देना है। इसके लिए भी वह अजय चौटाला और अपने समर्थकों की राय लेंगे। ओपी चौटाला का फरलो खत्म होने के बाद अजय चौटाला के भी फरलो पर आने की संभावना है। उस दौरान अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
दुष्यंत को ये भेजा गया नोटिस
इनेलो के कार्यालय सचिव नछत्र सिंह मल्हान की ओर से दुष्यंत चौटाला को उनके सिरसा आवास पर नोटिस भेजा गया है। ‘पार्टी विरोधी गतिविधि और निलंबन’ विषय वाले नोटिस में लिखा है ‘चौ. ओमप्रकाश चौटाला के निर्देश पर मैं आपको एक नोटिस भेज रहा हूं, जो पार्टी विरोधी गतिविधियों पर है। स्व. चौ. देवीलाल के 105वें जन्मदिवस के मौके पर गोहाना में हुई रैली में हुई गतिविधियों के लिए आपको दोषी माना जाता है।
उस रैली में बहुत बड़ी अनुशासनहीनता हुई है। आप इसके साथ-साथ पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी विरोधी व्यक्तियों के साथ मिलकर रैली में अनुशासनहीनता के दोषी हैं। आपको पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व अन्य सभी जिम्मेदारियों से निलंबित किया जाता है। आपको एक सप्ताह का समय इसका जवाब देने के लिए दिया गया है। तय समय में जवाब न देने पर अनुशासनात्मक को लेकर अगली कार्रवाई की जाएगी’।