रिश्ते में भाभी संग की जबरदस्ती, विरोध करने पर मार डाला, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रिश्ते की भाभी संग एक युवक ने जबरदस्ती की। महिला ने इसका विरोध किया। युवक ने इस पर महिला का रस्सी से गला दबाया और बाद में चाकू से गले पर वार कर हत्या कर दी। मामला हरियाणा के सोनीपत जिले का है। यहां के ककरोई गांव के खेतों में खुंबी फार्म के अंदर एक युवक ने रिश्ते की भाभी संग जबरदस्ती की तो उसने विरोध कर दिया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी युवक को जब महिला के पति ने रोकने का प्रयास किया तो उसे भी धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने गन्नौर में जाकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना के बाद पहुंची सदर थाना पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं गन्नौर रेलवे पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना पुलिस ने महिला के पति के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव ककरोई निवासी राजबीर ने गांव के ही कृष्ण का खेत खुंबी लगाने के लिए ले रखा था। खुंबी के फार्म में राजबीर झोपड़ी बनाकर पत्नी और बेटियों के साथ रह रहा था। परिवार के कई अन्य सदस्य भी पास ही खेत में झोपड़ी बनाकर रहते थे। राजबीर शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे खुंबी के शेड में काम कर रहा था। इस दौरान उसे अपनी पत्नी के चीखने की आवाज सुनाई दी।
जब वह अपनी झोपड़ी की तरफ भागा तो उसे गांव का सोनू उर्फ मेढ़ा बाहर आता हुआ दिखा, जिसके हाथ में तेजधार हथियार था। जब राजबीर ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। राजबीर ने झोपड़ी में जाकर देखा तो उसकी पत्नी जमीन पर पड़ी थी। उसके गले में रस्सी बंधी हुई थी और गले पर तेजधार हथियार से वार किया गया था।
उसने इस बारे में परिजनों और आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को बताया और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही डीएसपी सुशीला व सदर थाना प्रभारी रमेश चंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर वहां से सबूत भी एकत्रित कराए। बाद में शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मामले में महिला के पति राजबीर के बयान पर गांव ककरोई के ही सोनू उर्फ मिढा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं रेलवे पुलिस गन्नौर ने हत्यारोपी सोनू का शव गन्नौर रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक से बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि युवक ने बीएसटी के सामने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है। गन्नौर राजकीय रेलवे चौकी प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया है, जहां उसके भाई धर्मेंद्र ने शव की पहचान की है।
ककरोई के खुंबी फार्म में महिला की रस्सी से गला दबाकर और उसके बाद में तेजधार हथियार से गले पर वार कर हत्या की गई है। परिजनों ने बताया है कि आरोपी ने महिला से जबरदस्ती का प्रयास किया था। जिसका विरोध करने पर हत्या कर दी। हत्यारोपी युवक ने गन्नौर में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। रमेशचंद्र, थाना प्रभारी सदर सोनीपत।