नारकोटिक्स टीम को रेड करना पड़ा भारी, पुलिस की ही गाड़ी से मिला नशा तो एसआई पर केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किराने की दुकान में नशीला पदार्थ बरामद करने के लिए की गई रेड नारकोटिक्स टीम पर ही भारी पड़ गई। थाना माहिलपुर की पुलिस ने नारकोटिक्स सेल के सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की गाड़ी से सात सौ पचास ग्राम डोडा (चूरा पोस्त), चार ग्राम सफेद रंग का पाउडर और चार बोतल शराब बरामद की। इसके बाद माहिलपुर थाने में सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह पर केस दर्ज कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स सेल की टीम में शामिल सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह, सब इंस्पेक्टर हरीश कुमार, एएसआई गुरमीत सिंह, कांस्टेबल राकेश कुमार, महिला कांस्टेबल राजवीर कौर और होमगार्ड धरमिंदर सिंह ने गांव पैसरां में बहादर सिंह पुत्र देव राज की किराने की दुकान पर छापा मारा। गांव वासियों के साथ उनकी बहस की सूचना मिलने पर थाना माहिलपुर के एसएचओ इकबाल सिंह, एसआई कुलदीप सिंह, एएसआई सुखविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
इस दौरान एसआई दिलबाग सिंह की स्विफ्ट डिजायर कार मोहन सिंह के घर खड़ी थी और लॉक थी। लोगों ने कार के टायरों की हवा निकाल दी तो एसएचओ माहिलपुर इकबाल सिंह की टीम कार को वहीं छोड़ आई। लेकिन नारकोटिक्स सेल की रेड करने वाली टीम को साथ ले गई। गुरुवार सुबह जब एसएचओ इकबाल सिंह कार लेने गांव पहुंचे तो लोगों ने कहा कि गाड़ी में नशीले पदार्थ हैं।
पुलिस ने गांव के सरपंच सतविंदर जीत सिंह, पंच धर्मवीर सिंह, पूर्व सरपंच परमिंदर सिंह की मौजूदगी में कार का शीशा तोड़ कर कार की तलाशी ली तो कार की अगली सीट के नीचे से एक छोटे लिफाफे और कार की डिग्गी में से तीन पैकेट डोडे चूरा पोस्त (कुल 750 ग्राम), चार बोतले शराब मार्का आल सीजन और चार ग्राम सफेद पाउडर मिला। जिसमें डोडे चूरा पोस्त चार पैकटों में 750 ग्राम हुए। वहीं नारकोटिक्स सेल में तैनात गांव पैसरां के ही अवतार सिंह पर लोगों ने आरोप लगाए कि उसकी शह पर ही नारकोटिक्स सेल की टीम ने बहादर सिंह को झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने अवतार सिंह को मुअत्तल कर उसका जिला बदल दिया।