जमीन विवाद में बड़ी वारदात, पूर्व फौजी ने दो भाइयों की गोली मारकर हत्या की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जमीन विवाद में मंगलवार सुबह पूर्व फौजी ने दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। घटना धारीवाल थाना के गांव आलोवाला बाऊली की है। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर मुख्य आरोपी पूर्व फौजी और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
मृतकों की पहचान दिलप्रीत सिंह (24) और गगनदीप सिंह (28) पुत्र अजीत सिंह निवासी कोट संतोख राए के रुप में हुई। एसएसपी गुरदासपुर रजिंदर सिंह सोहल, एसपी हरविंदर सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले गगनदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह ने पूर्व फौजी जसविंदर सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी आलोवाल बाऊली के घर के पास जमीन खरीदी थी।
पूर्व फौजी की ओर से उन पर जमीन उसे देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसको लेकर कई बार दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में गांव की पंचायत के ध्यान में भी मामला लाया गया और पुलिस में भी शिकायत दी गई लेकिन कोई फैसला होने से पहले ही यह वारदात हो गई।
पुलिस को दिए बयान में गुरप्रीत सिंह पुत्र अमरीक सिंह निवासी गांव कोट संतोख राए ने बताया कि वह सुबह अपने ताया के लड़के गगनदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह के साथ बाइक और एक्टिवा पर आलोवाल बाऊली में अपनी जमीन का जायजा लेने आए थे। जब उन्होंने अपने वाहन खड़े किए तो पूर्व फौजी जसविंदर सिंह, जिसका मकान जमीन के बिल्कुल साथ लगता है, हमें देखकर हाथ में दोनाली लेकर बाहर आ गया। उसके साथ उसका लड़का सुखमनदीप सिंह, जमाई रूपिंदर सिंह, पत्नी हरजिंदर कौर, लड़की अमनदीप कौर और एक अन्य व्यक्ति भी था।
बाहर आते ही पूर्व फौजी ने गगनदीप और दिलप्रीत पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ने उस पर भी फायर किए जिससे वह जख्मी हो गया। एसएसपी रजिंदर सिंह सोहल ने बताया कि धारीवाल पुलिस की ओर से गुरप्रीत सिंह के बयान पर जसविंदर सिंह, सुखमनदीप सिंह, गुरपिंदर सिंह, हरजिंदर सिंह, अमनदीप कौर और एक अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। धारीवाल पुलिस ने मुख्य आरोपी जसविंदर सिंह और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई दोनाली भी बरामद कर ली गई है।