{"_id":"eb9dad67358562c771747110380cb00d","slug":"sukhmani-sahib-insult-in-punjab-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पंजाबः जगरांव में की गई गुटका साहिब की बेअदबी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
पंजाबः जगरांव में की गई गुटका साहिब की बेअदबी
ब्यूरो/अमर उजाला, लुधियाना(पंजाब)
Updated Sat, 07 Nov 2015 09:44 PM IST
विज्ञापन
पंजाब में आए दिन पवित्र ग्रंथों की बेअदबी के मामले सामने आ रहे हैं। अब जगरांव में गुटका साहिब की बेअदबी की गई। मोहल्ला अजीतसर की एक गली में किसी शरारती तत्व ने श्री सुखमनी साहिब जी के पवित्र पन्ने फाड़ कर फेंक दिए। इसके बाद इलाके में तनाव हो गया।
विज्ञापन
गुस्साई संगत और सिख संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जगरांव रायकोट रोड पर धरना लगा दिया और ट्रैफिक जाम कर दिया। मोहल्ला अजीतसर के एक युवक को श्री सुखमनी साहिब के कुछ पन्ने सड़क पर पड़े मिले। युवक ने उन पन्नों को उठा लिया। इसके बाद अगली सुबह मोहल्ले में लोगों ने श्री सुखमनी साहिब के अनेक पन्ने बिखरे देखे। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
विज्ञापन
गुरुद्वारा गुरु रविदास जी के सेवादारों और संगत ने पवित्र पन्ने उठा कर गुरुद्वारा साहिब में रख दिए। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रवचरण सिंह बराड़ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू की। घटना से नाराज संगत और सिख जत्थेबंदियों ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे रायकोट रोड पर धरना लगा दिया।
विज्ञापन
लोगों को मनाने के लिए डीसी रजत अग्रवाल, एसएसपी ने काफी प्रयास किए, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर डटे रहे। देर शाम खबर लिखे जाने तक मौके पर मौजूद शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के त्रिलोक सिंह ने आरोप लगाया कि बेअदबी की घटनाओं के लिए सूबा सरकार जिम्मेदार है।
सरबत खालसा न बुलाया जाए, इसके लिए ही साजिशें रची जा रही हैं। इस अवसर पर जसपाल सिंह, बलविंदर सिंह, गुरताज सिंह, सुखदेव सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों को मनाने पहुंचे एसएसपी रवचरण सिंह बराड़ को लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ी और लोगों ने पुलिस के कामकाज पर भी अंगुली उठाई।
इस दौरान पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की बहस भी हुई। पुलिस ने इस रूट को डायवर्ट कर दिया, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
यह किसी शरारती तत्व की साजिश है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रवचरण सिंह बराड़, एसएसपी, जगरांव