'SHO समेत 16 पुलिसवाले मेरी मौत के जिम्मेवार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गवर्नर हाउस के बाहर जहर खाकर पहुंचे युवक सुनील ने चंडीगढ़ पुलिस पर गंभीर आरोप जड़े हैं। पुलिस को युवक की जेब से एक पर्ची मिली, जिसमें लिखा है कि उसे और उसके भाई अनिल को रेप के झूठे केस में फंसाने के लिए अधिकारियों ने पांच लाख रुपये लिए हैं।
तहसीलदार दिलबाग सिंह, सेक्टर-36 थाना प्रभारी भूपिंदर सिंह सहित 16 पुलिस कर्मी, उसका मकान मालिक अमरिंदर सिंह, सेक्टर-35 की सतिंदर कौर और उसकी बेटी गगनदीप कौर उसकी मौत के लिए जिम्मेदार होंगे।
पड़ोसियों की लड़ाई का मामला
पुलिस के अनुसार मामला पड़ोसियों की लड़ाई का है। सेक्टर-35 के मकान नं 3568 की पहली मंजिल पर सुनील और अनिल रहते हैं। इसी मकान की ग्राउंड फ्लोर पर सतिंदर कौर रहती हैं।
सुनील ने पर्ची में भी लिखा है कि सतिंदर कौर और उसकी बेटी गगनदीप उनका बिजली-पानी बंद कर देते हैं और छेड़छाड़ के मामले में दोनों भाइयों को फंसाना चाहते हैं। इसके लिए एसएचओ को पांच लाख रुपये दिए हैं।
दूसरी ओर सेक्टर-35 में ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले सतिंदर कौर ने बताया सुनील ने उनकी टिफिन सर्विस का काम बंद करवा दिया।
शुक्रवार रात मारपीट व छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। उन्होंने बताया पानी की टंकी भी तोड़ डाली। जिसके कारण उनके घर में पानी नहीं आया। उन्होंने कहा कि मां और बेटी इंसाफ पाने के लिए पिछले 24 घंटे से बैठी हैं।
झगड़े की वजह
सुनील के भाई अनिल कुमार ने बताया कि सतिंदर कौर घर में टिफिन सर्विस चला रही है। उन्होंने इसकी शिकायत डीसी और पुलिस से की थी। वीरवार को स्टेट आफिस वाले आए और टिफिन सर्विस बंद करवा गए।
इसके बाद सतिंदर कौर ने उन दोनों भाइयों के खिलाफ सेक्टर-36 थाने में छेड़छाड़ और झगड़े की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की। इससे पहले ही दोनों घर से चले गए।
रात सड़क पर बिताने के बाद शनिवार सुबह सेक्टर-33 के मंदिर के पास सुनील ने जहरीला पदार्थ खाया और अपने भाई को बुलाकर एक्टिवा से पंजाब गवर्नर हाउस पहुंचकर हंगामा किया।
पहले भी दर्ज है आत्महत्या का मामला
सेक्टर-35 निवासी सुनील कुमार और उसके भाई पर 08 जून 2012 में भी आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज हो चुका था। सुनील कुमार ने पहले भी किरायेदार से परेशान होकर पुलिस हेडक्वार्टर के पीछे पेट्रोल छिड़कर आग लगाने की धमकी दी थी। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया था।
आरोप झूठे
सुनील ने मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं। उसके खिलाफ मां और बेटी ने शिकायत दे रखी थी। इसके चलते पुलिस उसे पकड़ने गई थी।
- भूपिंदर सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-36
सुनील का ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली महिला से विवाद चल रहा है। महिला ने रात को सुनील और उसके भाई अनिल के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस उन्हें बुलाने घर गई थी।
रामचंद्र मीणा, डीएसपी साउथ
यह था मामला
प्रशासक शिवराज पाटिल से मिलने के लिए सेक्टर 35 का एक युवक जहर खाकर गवर्नर हाउस के बाहर पहुंच गया। जब सुरक्षाकर्मियों ने मिलने नहीं दिया गया तो उसने बताया कि वह जहर खाकर आया है।
उसके बाद वह वहीं सड़क पर गिर गया। तत्काल पीसीआर जिप्सी में उसे जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने उस पर आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।