Gurdaspur News: पाक से हेरोइन व हथियार मंगवाने वाला तस्कर काबू, चार दिन में 8 किलो नशा मंगवाया
एसएसपी का कहना है कि प्राथमिक जांच में पाया गया है कि उक्त लोग पैसे के लालच में तस्करी का काम करते हैं और इन्हें दो लाख रुपये एक पैकेट के हिसाब से मिलते हैं। आठ किलो हेरोइन के पैकेट के इन्हे 16 लाख रुपये मिलने थे। इसमें छह लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरदासपुर पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त ऑपरेशन के बाद सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये पंजाब में हेरोइन व हथियारों की खेप मंगवाने वाले तस्कर गिरोह को बेनकाब करने में सफलता हासिल की है। इस अहम ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर कुल 5 लाख 54 हजार रुपये की ड्रग मनी, एक मोबाइल व लाइट भी बरामद की हैं।
यह तस्कर गिरोह पिछले करीब दो साल से पाकिस्तान में रहने वाले बिट्टू नाम के तस्कर से खेप मंगवाने का काम कर रहा था और पिछले करीब चार दिन में इन्होंने आठ किलो हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाई है। पुलिस ने इस संबंध में थाना कलानौर में तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।पिछले कई दिनों से सीमा पार से कलानौर क्षेत्र की बीओपी चंडुवडाला के पास ड्रोन की गतिविधियां काफी बढ़ गई थीं। इसके बाद से ही बीएसएफ और पुलिस की टीमें इस मामले की जांच में जुट गई थीं।
पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त प्रेसवार्ता में एसएसपी दीपक हिलौरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरविंदर चंद उर्फ केवरा निवासी सरजेचक्क, अजय मसीह निवासी लोपा पकीवा और मलकीत सिंह निवासी नाहर थाना कलानौर के पाकिस्तानी तस्करों से संबंध हैं। सीमा पार से यह लोग ड्रोन के माध्यम से हेरोइन मंगवाते हैं।
एसएसपी ने बताया कि इसी सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ गुरदासपुर व कलानौर की पुलिस ने कोटली रोड कलानौर में विशेष नाकाबंदी करके गुरविंदर चंद उर्फ केवरा को बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से तीन लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, एक मोबाइल फोन व दो रासायनिक स्टिक बरामद की। इसके बाद गुरविंदर की निशानदेही पर अजय मसीह के घर से एक लाख रुपये की भारतीय मुद्रा व मलकीत सिंह के घर से एक लाख 54 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
पूछताछ के दौरान गुरविंदर चंद ने बताया कि वह पाकिस्तान में रहने वाले बिट्टू नामक तस्कर से हेरोइन और हथियार मंगवाता है। इसी माह उन्होंने 14, 16, 17 व 18 दिसंबर को प्रति दिन दो किलोग्राम हेरोइन (कुल आठ किलोग्राम) पाकिस्तान से मंगवाई है। इसे उन्होंने गांव लालपुर की बंबी से किसी अज्ञात को दे दिया है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उक्त तीनों ने करीब दो साल पहले पाकिस्तान से 14 किलो हेरोइन व 2 पिस्टल मंगवाए थे। इस संबंध में उन पर थाना डेरा बाबा नानक में मामला दर्ज है। उक्त मामले में पिस्टल की बरामदगी हो गई थी लेकिन 14 किलोग्राम हेरोइन इन्होंने पाकिस्तान तस्कर बिट्टू के कहने पर किसी अज्ञात व्यक्ति को सौंप दिया था। एसएसपी का कहना है कि प्राथमिक जांच में पाया गया है कि उक्त लोग पैसे के लालच में तस्करी का काम करते हैं और इन्हें दो लाख रुपये एक पैकेट के हिसाब से मिलते हैं। आठ किलो हेरोइन के पैकेट के इन्हे 16 लाख रुपये मिलने थे। इसमें छह लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।