'कुलपति जी, मेरा यौन शोषण करता है डाटा एंट्री ऑपरेटर'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एमडीयू में एमए की एक छात्रा के यौन शोषण का मामला सामने आया है। छात्रा की लिखित शिकायत पर यहां तैनात एक डाटा ऑपरेटर को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, जांच के लिए मामला यूनिवर्सिटी महिला यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति को भेजा गया है। यहां जांच में आरोप सही पाए गए तो पुलिस में शिकायत दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार एमडीयू में एमए की एक छात्रा ने सोमवार को कुलपति एचएस चहल से मुलाकात की। छात्रा ने आरोप लगाया कि एकेडमिक ब्रांच में कार्यरत डाटा इंट्री ऑपरेटर राजेंद्र यादव पिछले कई महीनों से मेरा यौन शोषण कर रहा है। वीसी ने छात्रा से लिखित में शिकायत करने को कहा।
परशुराम जयंती पर छुट्टी होने के कारण लिखित शिकायत पर सोमवार को कार्रवाई नहीं हो सकी। मंगलवार को यूनिवर्सिटी खुलते ही वीसी ने अन्य अधिकारियों से चर्चा के बाद राजेंद्र को सस्पेंड कर दिया। मामले को जांच के लिए विवि की महिला यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति को सौंपा गया है।
हालांकि अभी जांच शुरू नहीं की गई है। समिति की अध्यक्ष प्रोफेसर रेणू चुघ इस समय शहर से बाहर है। उनके आने के बाद ही इस मामले की जांच शुरू होगी।
डाटा ऑपरेटर को सस्पेंड कर दिया गया है
एचएस चहल, कुलपति एमडीयू के अनुसार छात्रा की शिकायत आई थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई है। आरोपी डाटा ऑपरेटर को सस्पेंड कर दिया गया है और मामले की जांच यूनिवर्सिटी की यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति को सौंपी है। यदि कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। यूनिवर्सिटी परिसर में छात्राओं को सुरक्षा देने के लिए हम कटिबद्ध हैं, ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रोफेसर रेणू चुघ, अध्यक्ष महिला यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति एमडीयू ने बताया कि फिलहाल मैं शहर से बाहर हूं, इसलिए मुझे मामले की की जानकारी नहीं है। बुधवार तक पहुंच जाऊंगी, तभी कुछ बता सकती हूं।
राजेंद्र यादव, आरोपी डाटा ऑपरेटर ने बताया कि, मैं तो किसी को जानता भी नहीं हूं। मैं भिवानी रहता हूं और रोज अपडाउन करता हूं। सस्पेंड करने के आदेश मुझे नहीं मिले हैं।