Punjab News: रोपड़ में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी, पाठियों को पीटा, नाराज लोगों ने आरोपी की जमकर की धुनाई
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी धरने में शामिल हुए और उन्होंने कहा कि इसके पीछे सुनियोजित साजिश है। इसे बेनकाब किया जाना चाहिए। ऐसी घटनाओं के आरोपी को मंद बुद्धि बताना भी गलत है।
विस्तार
पंजाब के मोरिंडा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब में सोमवार को बेअदबी की घटना सामने आई। एक केशधारी युवक जूते पहन कर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हो गया और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पास पहुंच गया। यहां पहुंचते ही वह पाठियों को थप्पड़ मारने लगा। इस दौरान उसने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का भी अपमान किया। सेवा कर रही एक महिला ने उसको रोकने का प्रयास किया लेकिन वह उसे नहीं रोक पाई। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इस घटना के बाद वहां मौजूद संगत ने आरोपी युवक को काबू कर लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद लोग उसे थाने ले गए।
आरोपी युवक जसवीर सिंह मोरिंडा के वार्ड नंबर 10 का रहने वाला है। घटना से लोग गुस्से में आ गए। संगत ने मोरिंडा से गुजरने वाले सभी मार्गों पर धरना लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव भी किया। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर और अंदर जमा हो गए और आरोपी को संगत के हवाले करने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने आरोपी जसवीर सिंह पर धारा 295-ए (जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। संगत इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुई। उन्होंने आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने की मांग की।
चन्नी बोले- घटना सुनियोजित साजिश
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी धरने में शामिल हुए और उन्होंने कहा कि इसके पीछे सुनियोजित साजिश है। इसे बेनकाब किया जाना चाहिए। ऐसी घटनाओं के आरोपी को मंद बुद्धि बताना भी गलत है।
बेअदबी करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई: एसजीपीसी
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने इस घटना में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। धामी ने कहा कि दुख की बात है कि बेअदबी की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। अगर इस तरह के मामलों में सख्त सजा दी जाती है तो किसी की ऐसा जघन्य अपराध करने की हिम्मत नहीं होगी।
सरकारों के लिए यह एक बड़ा सवाल है कि इस तरह के मामलों में सख्ती क्यों नहीं की जाती। मोरिंडा की घटना दिल दहलाने वाली है। आरोपी ने गुरु साहिब का अपमान किया है। उन्होंने फरीदकोट के गोलेवाला गांव में गुटका साहिब के पवित्र अंगों को बिखेरने की घटना की भी निंदा की और कहा कि इस घटना में घोर अभद्रता भी की गई है।
फरीदकोट में गुटका साहिब की बेअदबी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदकोट के गांव गोलेवाला में रविवार को गुटका साहिब की बेअदबी के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार को ट्रेस कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में सादिक निवासी विक्की मसीह और गांव बेगूवाला निवासी रूप मसीह शामिल हैं। इन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।