गृह मंत्रालय के अधिकारी की पत्नी से ट्रेन में लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गृह मंत्रालय के अधिकारी की पत्नी ट्रेन में लूटपाट की शिकार हो गई। लुटेरों ने उससे 5 लाख की ज्वेलरी लूट ली। गृह मंत्रालय के सहायक निदेशक की पत्नी वनिका गुप्ता विवाह समारोह के बाद ऊधमपुर से नई दिल्ली लौट रही थी।
शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे ये घटना शाहाबाद और डोडाखेड़ी के बीच एसी स्पेशल ट्रेन में हुई। हथियारों से लैस लुटेरों ने तीन बोगियों में लूट का प्रयास किया था। इसकी पुष्टि ट्रेन मुसाफिरों ने की है। हालांकि इस रेलवे पुलिस ने इस संदर्भ अभी तक एक ही एफआईआर दर्ज की है।
ट्रेन में लूट का यह मामला सामने भी नहीं आता यदि गृह मंत्रालय के अधिकारी की पत्नी यदि इसका शिकार नहीं होती। लुटेरों ने भले अधिकारी की पत्नी वनिका गुप्ता के बैग में रखे पांच लाख से अधिक के गहनों पर बड़ा हाथ मारा था और ये मामला फोकस में आया, मगर उनके अलावा अन्य दो तीन यात्रियों से भी इन्होंने लूटपाट का प्रयास किया था।
इसी ट्रेन में सवार यात्री राजेंद्र सिंह के मुताबिक वह ट्रेन की बोगी नंबर बी-3 में वनिका गुप्ता की सीट के ठीक सामने बैठा था। उसने लुटेरों का पीछा भी करने का प्रयास किया था। उन्होंने बताया कि लुटेरों ने और भी यात्रियों का सामान छीना था।
ट्रेन को आधे घंटे तक कुरुक्षेत्र स्टेशन पर रोका गया
वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरों ने ट्रेन की चेन को दो बार खींचा और इसके बाद जैसे ट्रेन डोडाखेड़ी के निकट रुकी और गार्ड नीचे उतरा, लुटेरों ने गार्ड पर पथराव कर दिया और फरार हो गए। इसके बाद ट्रेन कुरुक्षेत्र रेलवे जंक्शन पर रोकी गई।
हालांकि कुरुक्षेत्र में उक्त ट्रेन का ठहराव नहीं होता, लेकिन वारदात की सूचना देने और एफआईआर दर्ज कराने के लिए ट्रेन को करीब आधे घंटे तक कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर रोके रखा गया। तत्पश्चात कुरुक्षेत्र रेलवे पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सहायक निदेशक अमित शर्मा की पत्नी वनिका गुप्ता वासी किद्वई नगर, निकट एम्स नई दिल्ली की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज किया।
कुरुक्षेत्र रेलवे थाना प्रभारी सुरेश कुमार के मुताबिक पूछताछ में ज्ञात हुआ है कि लुटेरों की आयु करीब 25 से 26 वर्ष रही होगी। बताया जा रहा है कि इन लुटेरों के पास चाकू व अन्य हथियार भी थे।
घटना से रेलवे पुलिस भी सकते में है। रेलवे पुलिस ने बीती रात हुई लूट के संदर्भ में मामला दर्ज करने के बाद शुक्रवार को दिनभर अलग-अलग टीमों को इस वारदात का सुराग लगाने के लिए दौड़ाए रखा।
बता दें कि इस समय राजकीय रेलवे पुलिस में पुलिस अधीक्षक का पद रिक्त है और उनके स्थान पर शुक्रवार को रेलवे पुलिस के उप अधीक्षक सुरेश कौशिक, जीआरपी अपराध शाखा की टीम के इंस्पेक्टर और थाना कुरुक्षेत्र जीआरपी के एसएचओ सुरेश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया।