20 मिनट में 16 लाख कैश से भरा एटीएम उखाड़ ले गए लुटेरे, मुंबई में बजा सायरन तो वारदात का लगा पता
अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित दप्पर टोल प्लाजा के नजदीक गत मंगलवार की रात अज्ञात लूटेरे पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम उखाड़ ले गए। इस वारदात को लुटेरों ने मात्र 20 मिनट में अंजाम दिया और एटीएम में करीब 16 लाख रुपये का कैश था। खास बात यह है कि इसी बैंक से चार साल पहले भी लुटेरे ऐसे ही एटीएम मशीन उखाड़कर ले गए थे।
पुलिस ने बताया कि गत सोमवार की रात गांव जड़ौत में पंजाब एंड सिंघ बैंक के एटीएम के शटर के ताले तोड़कर लूट की कोशिश की गई थी। लेकिन यहां लगा हूटर बजने के कारण लुटेरे भाग गए और वारदात होने से बच गई।
दप्पर में एटीएम उखाड़ने की वारदात बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। वारदात को रात 2:15 बजे अंजाम दिया गया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दो लुटेरे एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी से मुंह पर कपड़ा लपेट कर उतरते हैं और आते ही पहले कैमरा तोड़ा फिर सब्बल या जैक की मदद से बंद ताले समेत शटर ऊपर उठा दिया और अंदर लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। यह कैमरा काम तो करता था लेकिन इससे फुटेज नदारद है।
लुटेरे एटीएम मशीन को एक रस्सी की मदद से जीप के पीछे बांधकर झटका मारते हैं और मशीन उखड़ जाती है। इसके बाद वह एटीएम मशीन को पिकअप में लादकर फरार हो जाते हैं। मौके से शटर उठाने में इस्तेमाल किया गया एक टायर लीवर भी बरामद हुआ है। दप्पर में पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम बैंक बिल्डिंग के साथ ही एक दुकान में लगा है। जिसके शटर का सेंट्रल लॉक खराब था और शटर के एक ओर ही ताला लगा था। लेकिन लुटेरों ने वह ताला न तोड़कर शटर को ही दूसरी ओर से ऊपर उठा दिया।
पहले हेडक्वार्टर मुंबई में बजा सायरन
लुटेरों ने जिस समय एटीएम मशीन तोड़ी तो यहां का सायरन काफी देर बाद बजा। इससे पहले मशीन के इलेक्ट्रिक उपकरण डैमेज होने से इसका अलर्ट सबसे पहले बैंक के मुंबई हेडक्वार्टर गया और वहां सायरन बजा। मुंबई हेडक्वार्टर के अफसरों ने दप्पर की ब्रांच लोकेट कर यहां पर बैंक के अफसरों को सूचित किया। बैंक मैनेजर आशीष अधिकारी ने बताया कि उन्हें वारदात का पता 3:15 बजे लगा। फुटेज में दो युवक दिख रहे हैं जो महिंद्रा पिकअप गाड़ी में आए थे।
लालड़ू थाना प्रभारी गुरचरण सिंह और लेहली चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह ने पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। उन्होंने बताया कि कैमरे के मुताबिक लुटेरों की संख्या तीन से अधिक हो सकती है। लगता है वारदात से पहले लुटेरों ने मौके पर बैंक के आसपास रेकी की थी।
उन्होंने बताया कि एटीएम मशीन में करीब 16 लाख रुपए कैश रहा होगा, जिसकी सही फिगर बाद में पता चलेगी। लुटेरों का पता लगाने के लिए आसपास के थानों को अलर्ट भेजा है। पुलिस ने आईपीसी-457 और 380 के तहत अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्जकर छानबीन शुरु कर दी है।