सोने की अंगुठी से सुलझी करोड़ों की बैंक डकैती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुराना बस स्टैंड स्थित पीएनबी में हुई करोड़ों के गहनों की चोरी का खुलासा गांव कटवाल से हुआ। नाजुक आर्थिक हालत झेल रहे गांव कटवाल के युवक की अंगुलियों जब चोरी की वारदात के अगले ही दिन सोने की अंगूठियां चमकती नजर आईं तो लोगों को यह बात हजम नहीं हुई।
सूत्रों की मानें तो यहीं से वारदात का सुराग पुलिस के हाथ लगा और गांव के ही तीन युवकों को गिरफ्तार करने में सफल हो पाई। हालांकि, वारदात का चौथा आरोपी गांव का ही एक युवक अभी भी फरार है। गोहाना के पीएनबी में 27 अक्टूबर को हुई करोड़ों की चोरी की वारदात पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।
लोगों के बीच चर्चा थी कि पुलिस कैसे मामले को ट्रेस कर पाएगी। लेकिन जिस चालाकी से आरोपियों ने चोरी को अंजाम दिया, एक युवक के अंगूठियों के शौक ने पुलिस के लिए सुराग छोड़ दिया। यहां से पुलिस को शक हुआ और मामले को सुलझाया गया, जिसके बाद तीन आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए।
कई बैंक पुराने, कहीं न बन जाए एक और सुरंग
जिस प्रकार पुराना बस स्टैंड स्थित पीएनबी के पास एक जर्जर मकान के जरिए करोड़ों के गहने उड़ा लिए गए, ऐसे ही गोहाना के कई बैंकों के आसपास पुराने मकान हैं, जहां कोई नहीं रहता। ऐसे में बैंक उपभोक्ताओं में भविष्य में इस तरह की एक और वारदात की आशंका के चलते असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
तहसील रोड पर एसबीआई की मुख्य शाखा है। बैंक की बिल्डिंग के साथ में ही यस बैंक की शाखा है और इसके साथ एक निजी अस्पताल है। अस्पताल के पास एक मकान कई सालों से बंद पड़ा है। इस मकान में न तो कोई रहता है और न ही इसे खोला जाता है। इस मकान से बैंक की दूरी 100 मीटर भी नहीं है। रात के समय यहां आवारा किस्म के लोग घूमते दिखाई देते हैं।
उसी प्रकार का एक भवन स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के समीप भी खाली व जर्जर हालत में है। इस मकान में भी कोई नहीं रहता है। ऐसे में इन बैंकों के उपभोक्ताओं में भविष्य में इस तरह की एक और वारदात की आशंका के चलते असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
इसी प्रकार का एक भवन स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के पास भी खाली व जर्जर हालत में है। इस मकान में भी कोई नहीं रहता है। अगर जल्द ही प्रशासन ने इस मामले में सही कदम नहीं उठाए तो बैंक प्रशासन के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए भी खतरा बना रहेगा।
रविवार को भी धरने पर बैठे पीड़ित
बैंक की छुट्टी के दिन भी आंदोलन में कमी न आए इसी बात को लेकर पीड़ित लॉकर धारक रविवार को धरने पर बैठे रहे। लॉकर धारकों का कहना है कि जब तक उन्हें उनके गहने वापस नहीं मिल जाते, उनका धरना जारी रहेगा। लोगों का कहना है कि अगर गहनों को वापस करने में कमी रही तो उस कमी की भरपाई बैंक को करनी होगी। लॉकर धारक पूरा माल वापस लेकर ही हटेंगे।
लॉकर पीड़ित तथा उनके परिजन दिनभर धरने पर बैठे रहे। पीड़ित लॉकर द्वारा गठित की गई कमेटी के सदस्य राजेश मिगलानी, कृष्ण गोपाल मनचंदा, रमन सुनेजा और संदीप कालड़ा ने कहा कि अब वे और इंतजार नहीं कर सकते। प्रशासन को जल्द से जल्द उनके चोरी किए हुए गहनों को वापस लौटाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 27 अक्टूबर से लेकर अभी तक कोई भी बैंक का उच्च अधिकारी उनके बीच नही पहुंचा है। सरोज मल्होत्रा और शकुंतला जुनेजा ने कहा कि पीड़ित लॉकर धारकों को जितना नुकसान हुआ है, उसकी एक-एक पाई उन्हें वापस चाहिए। उन्होंने कहा कि कोर्ट ऐसा रास्ता निकाले, जिससे उनका माल उनके हाथों में जल्द ही आ जाए।
पीड़ित लोगों के बीच जल्द पहुचेंगे सीएम खट्टर
रोहतक से भाजपा के विधायक मनीष ग्रोवर रविवार को धरने पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने बैठे लॉकर पीड़ितों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर जल्द ही पहुंचेंगे। धारकों ने उनके सामने पुलिस पर आरोप लगाए और जल्द से जल्द उन्हें सीएम से मिलाने का आग्रह किया।
पीड़ित लॉकर धारकों के सामने विधायक ने एसपी से फोन पर बातचीत की। उन्होंने लॉकर धारकों को आश्वासन दिलाया कि उनकी पाई-पाई वापस दिलवाई जाएगी।
पीड़ित लॉकर धारकों की कमेटी के सदस्य धज्जा राम नरवाल ने विधायक से कहा कि इस मामले में शहर थाना में तीन बैंक अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार करना तो दूर, उनसे पूछताछ तक नहीं की गई है।
कृष्ण गोपाल चिंदा ने कहा कि यहां धरने पर बैठे पीड़ितों को ही धमकी दी जा रही है। पीड़ित लॉकर धारकों ने ग्रोवर से मांग की कि वह सीएम मनोहर लाल खट्टर से उन्हें मिला दे।
इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि सीएम खुद उन लोगों से मिलने आएंगे। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में सोनीपत के एसपी या आईजी से बात करें। इस दौरान कुछ महिलाएं विधायक के सामने रोने लगीं।
बैंक अधिकारियों को किया जाए दंडित
व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष और भाजपा नेता बजरंग दास गर्ग ने कहा कि गोहाना में सुंरग बना कर चोरी की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि देशभर के बैंकों में सुरक्षा के सिस्टम में बदलाव किया जाए। बैंक के उच्च अधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए। वह गोहाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बाकायदा व्यक्तिगत रूप से यह जिम्मेदारी तय होनी चाहिए कि सुरंग खुदने से लेकर लॉकरों में चोरी किए जाने तक कौन बैंक अधिकारी दोषी हैं। और दोषी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में बैठे व्यापारियों की सुरक्षा की ओर भी सरकार ध्यान दे। इस मौके पर पवन गोयल, संजय सिंघल, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, जेआर कालड़ा, गुलशन जैन, नरेश सिंघल, सुरेश गुप्ता, किशोर नागपाल, सतीश छिक्कारा मौजूद रहे।