हरियाणा: फतेहाबाद में दो कारों में भीषण टक्कर, एक महिला की मौत, नौ लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर के हांसपुर रोड फोरलेन पर रविवार दोपहर हिसार की तरफ से आ रही कार और फतेहाबाद से हांसपुर रोड की तरफ जा रही कार में भीषण टक्कर हो गई, जिसमें फतेहाबाद के डीसी कॉलोनी निवासी पत्रकार रामकुमार भारती का परिवार और जींद निवासी एक परिवार के 10 लोग घायल हो गए। जींद निवासी परिवार सिरसा में आयोजित शादी समारोह में जा रहा था।
घायलों को तीन एंबुलेंसों में फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां पत्रकार रामकुमार भारती की पत्नी 54 वर्षीय कमलेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य नौ घायलों को अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया है। उधर, गांव जांडली कलां में पास दूसरे सड़क हादसे में नौ माह की गर्भवती की मौत हो गई। महिला पति के साथ फतेहाबाद अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए आ रही थी।
मामले के मुताबिक फतेहाबाद की डीसी कॉलोनी निवासी पत्रकार रामकुमार भारती अपनी पत्नी 54 वर्षीय पत्नी कमलेश, बेटी राजबाला व बेटा मोनू के साथ दोपहर में फतेहाबाद से अपने गांव ढाणी ईसर कार में जा रहे थे। करीब 12 बजे जैसे ही हांसपुर रोड से फोरलेन को पार कर रहे थे तभी हिसार से तेज गति से आ रही डिजायर गाड़ी से टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां काफी दूर तक घसीटती हुई गई। कारों में सवार सभी 10 लोग घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना दी। तीन एंबुलेंसों से घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर करीब आधे घंटे के उपचार के बाद रामकुमार भारती की पत्नी कमलेश ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा रामकुमार भारती, बेटा मोनू, बेटी राजबाला को अग्रोहा मेडिकल रेफर किया गया है।
वहीं, दूसरी कार में सवार जींद निवासी कुलदीप उसकी पत्नी मंजू, बेटी अलका, साली अंजू, बेटा हिंमाशु व अमन घायल हो गए हैं। घायल कुलदीप, मंजू, अलका और अंजू को रेफर किया गया है। हिमांशु और अमन को हल्की चोट आई है।
सिरसा शादी समारोह में जा रहा था परिवार
हादसे का शिकार हुए हिमांशु ने बताया कि सभी सिरसा में मामा के बेटी की शादी में भाग लेने जा रहे थे। गाड़ी हिसार की तरफ से अपनी स्पीड में आ रही थी और अचानक हादसा हो गया।
घटना की सूचना के बाद अस्पताल में लगा जमावड़ा
हादसे में रामकुमार भारती के घायल होने और पत्नी की मौत होने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई संस्थाओं के लोग और पत्रकार अस्पताल पहुंचे। रामकुमार भारती कई संस्था के साथ जुड़े हुए हैं।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
हांसपुर रोड फोरलेन पर हुए हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में नजर आ रहा है कि फतेहाबाद की तरफ से आ रही कार का चालक धीमी गति से फोरलेन पार कर रहा है। इसी दौरान हिसार की तरफ से आ रही कार टक्कर मार देती है।
अल्ट्रासाउंड करवाने आ रही गर्भवती की मौत
गांव जांडली कलां के पास दोपहर बाद करीब एक बजे भूना की तरफ से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल सवार सवार दंपती घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां नौ महीने की गर्भवती महिला की मौत हो गई। मामले के मुताबिक भूना निवासी 25 वर्षीय अजय कुमार अपनी 22 वर्षीय पत्नी ज्योति के साथ फतेहाबाद शहर की तरफ आ रहा था।
घायल अजय ने बताया कि उसकी पत्नी नौ माह की गर्भवती थी और उसका अल्ट्रासाउंड करवाने फतेहाबाद आ रहा था। जांडली के पास उसने पेट्रोल पंप से तेल डलवाया और जैसे ही सड़क पर आया तो पीछे से आ रही कार के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां ज्योति ने दम तोड़ दिया। ज्योति के गर्भ में पल रहे बच्चे को भी नहीं बचाया जा सका।