रोहतक सिस्टर्स की 'बहादुरी' का सच सामने लाएगा नया पैंतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोशल मीडिया से लेकर राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय बने दो बहनों से छेड़छाड़ के मामले की जांच स्टेट क्राइम ब्रांच की टीम जल्द शुरू करेगी। पूरे प्रकरण के फ्लैश बैक में जाते हुए जांच टीम तीन चार दिन में सोनीपत और रोहतक पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का ब्यौरा एकत्र करेगी।
साथ ही रोहतक बस अड्डे से बस में सवार होकर दोनों बहनों के साथ घटनास्थल पर जाएगी, ताकि गहराई से हर एंगल की जांच की जा सके। यह जानकारी दोनों बहनों के पिता राजेश ने दी।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले पंचकुला से क्राइम ब्रांच की आला अधिकारी राजश्री ने उन्हें यह सूचना फोन पर दी है। अधिकारी ने साफ किया है कि जब टीम खरखौदा पहुंचेगी तो उन्हें फोन करके बुला लेगी।
प्रकरण ने चौपट कर दी दोनों बहनों की पढ़ाई
पिछले आठ माह से चल रहे प्रकरण ने दोनों बहनों की पढ़ाई चौपट कर दी है। पूजा ने बताया कि दोनों बहनें बीसीए कर रही हैं। दोनों ने एकसाथ पांचवें और छठे सेमेस्टर के पेपर दिए थे।
पांचवें सेमेस्टर का जो परिणाम आया है, वह उम्मीद के मुताबिक नहीं है। हालांकि परिणाम क्या रहा, इसे वे उजागर नहीं करना चाहती हैं। अब दोनों को फाइनल सेमेस्टर के परिणाम का इंतजार है।
बेटियों के वकील ने उठाए रोहतक पुलिस पर सवाल
पूजा और आरती के पिता राजेश ने बताया कि स्टेट क्राइम ब्रांच पर पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि रोहतक पुलिस की तरह उन्हें चक्कर नहीं कटवाए जाएंगे। क्राइम ब्रांच जल्द जांच पूरी करके आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल करेगी।
दोनों बहनों के वकील अतर सिंह पंवार का कहना है कि अगर रोहतक पुलिस समय पर जांच पूरी करके अदालत में चार्जशीट दाखिल कर देती तो पूजा और आरती की पढ़ाई प्रभावित नहीं होती। इसके अलावा दोनों बहनों को मानसिक तौर पर परेशान करने के लिए गैर वाजिब चीजों को अंजाम दिया गया।
यह रहा मामला
खरखौदा के नजदीकी गांव थाना खुर्द की दो सगी बहनें पूजा और आरती रोहतक के राजकीय महिला कालेज में बीसीए की छात्रा हैं। आठ माह पहले कॉलेज से बस के माध्यम से खरखौदा आ रही थीं। आरोप है कि रास्ते में आसन गांव के तीन युवकों ने न केवल उनसे मारपीट की, बल्कि अभद्र व्यवहार भी किया। मामला उस समय सुर्खियों में आया, जब बस के अंदर हुए इस पूरे प्रकरण का वीडियो मीडिया में आ गया।
वीडियो में पूजा आरोपी युवक कुलदीप की बेल्ट से पिटाई करते हुए दिखाई दे रही है। बाद में मामला खाप पंचायतों से लेकर राजनीति के गलियारों में भी छा गया। एक बार तो प्रदेश सरकार ने भी दोनों बहनों को सम्मानित करने की घोषणा कर दी, लेकिन बाद में फैसला वापस ले लिया। हालांकि दोनों बहनों ने लगातार सवाल उठाया कि सरकार ने अपनी मर्जी से सम्मान देने की घोषणा की थी, बाद में खुद ही न देने का फैसला किया। ऐसे करके उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई गई है।