कुल्हाड़ी से वार कर देवर ने की भाभी की हत्या
हरियाणा के पानीपत के इसराना में बांध गांव में देवर ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर बीच गली में सरेआम अपनी सगी भाभी को कुल्हाड़ी मारकर मौत के घाट उतार दिया।
रंजिश की जड़ खेत की नाली को बताया गया है। महिला की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। गांव की गली में देवर दलबीर व उसके परिवार के लोगों ने महिला बेदो का रास्ता रोक हमला कर दिया।
बेदो के सिर व गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए गए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद गांव में तनाव
बेदो की हत्या की खबर कुछ ही देर पूरे गांव में फैल गई। गांव में तनाव का माहौल बन गया और बेदो का परिवार भी बदला लेने की चेतावनी देने लगा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने देर रात को कार्रवाई के बाद शव को शवगृह में रखवाया। ग्रामीणों ने बताया कि बेदो और उसके देवर दलबीर के बीच नाली को ठीक करने को लेकर अकसर विवाद रहता था।
मृतक के परिवार के लोगों ने दलबीर, उसकी पत्नी सरोज, दो लड़कों अंकित व अमित और लड़की मनीषा पर हत्या के आरोप लगाए। थाना पुलिस ने बयान लेकर पांचों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।