बठिंडाः गाली-गलौज करने से किसान ने रोका तो चाकू घोंप कर मार डाला
बठिंडा जिले के गांव अबलू में दो युवकों ने एक किसान की चाकू से हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुखदेव सिंह निवासी कोठे लाल सिंह वाले जिला बठिंडा के तौर पर हुई है। वारदात बुधवार देर रात की है। पुलिस ने मामले में गुरपिंदर सिंह निवासी जीदा और अकाशदीप सिंह निवासी गांव अबलू जिला बठिंडा के खिलाफ थाना नेहियांवाला में हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दर्ज कराए बयान में गुरविंदर सिंह ने बताया कि वह अपने छोटे भाई सुखदेव सिंह के साथ बुधवार देर शाम जब ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने घर कोठे लाल सिंह वाला की तरफ जा रहे थे तो गांव अबलू में स्विफ्ट कार पर आए गुरपिंदर सिंह ने कार को उनके ट्रैक्टर के आगे रोक लिया और उनके साथ गाली गलौज करने लगा।
जब युवक को उसके भाई सुखदेव सिंह ने गाली निकालने से रोका तो उसने गांव अबलू निवासी अपने रिश्तेदार अकाशदीप को फोन कर मौके पर बुला लिया और सुखदेव सिंह को पीटने लगे। इसी दौरान गुरपिंदर सिंह ने तेजधार चाकू सुखदेव सिंह के पेट में कई बार घोंपा, जिस कारण भाई बेहोश होकर नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उस पर भी जानलेवा हमले का प्रयास किया। लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागा।
गुरविंदर ने बताया कि जब वह अपने गांव के लोगों के साथ भाई सुखदेव सिंह को गंभीर हालत में बठिंडा के एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गए तो वहां डाक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। थाना नेहियांवाला प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि पुलिस ने किसान के भाई गुरविंदर सिंह के बयान पर आरोपी गुरपिंदर सिंह और अकाशदीप सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी तलाश के प्रयास शुरू कर दिए है।