कैथल: बहन के घर आए करनाल के युवक की हत्या, ड्योढ़ खेड़ी गांव में खेत में मिला शव
मृतक के जीजा सन्नी की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। जीजा ने 15 अप्रैल को थाने में शिकायत दी थी। 16 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कैथल में अपनी बहन के घर आए करनाल निवासी युवक का शनिवार की रात शव मिलने से सनसनी फैल गई। गांव ड्योढ़ खेड़ी-शेरगढ़ रोड पर कूप के समीप शव पड़ा देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। उसके कपड़े बदले गए थे। मृतक के जीजा ने एक दिन पूर्व उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में प्यौदा रोड निवासी एक आरोपी पर हत्या का केस दर्ज किया है।
करनाल के गांव बलड़ी निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई मुकेश अविवाहित था। वह करनाल में बाईपास पर चिकन की दुकान चलाता था। मुकेश 13 अप्रैल को अपनी बहन अंजेश से मिलने उसके घर कैथल आया था। उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। मानसिक असंतुलन के कारण उसी रात करीब दो बजे वह घर से निकला और प्यौदा रोड निवासी चरण सिंह के घर चला गया। पूछने पर चरण सिंह ने मान लिया कि वह उनके घर आया था।
चरण सिंह ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में काफी ढूंढ़ने का प्रयास किया गया लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद उसके जीजा सन्नी की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। जीजा ने 15 अप्रैल को थाने में शिकायत दी थी। 16 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई।
शनिवार को उसका शव मिला। राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि चरण सिंह ने उसके भाई की हत्या कर शव को ड्योढ़ खेड़ी गांव के खेत में फेंक दिया। सिविल लाइन थाने के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शरीर पर मिले दूसरे कपड़े
मृतक की बहन अंजेश ने बताया कि उसका भाई मुकेश जिस समय घर से निकला था, उस समय उसके शरीर पर दूसरे कपड़े थे। जब उसका शव मिला तो उसके कपड़े बदले थे। कहा कि आरोपियों ने उसके भाई की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए उसके कपड़े बदल दिए।
क्या पुलिस मौके पर गई थी
हत्या से पूर्व दर्ज अपहरण के मामले में पुलिस ने मृतक के जीजा की शिकायत पर जो केस दर्ज किया है। उसमें उसके जीजा का कहना है कि घटना की रात पुलिस मौके पर गई थी। मृतक के जीजा का कहना है कि आरोपी चरण के घर में घुसने के बाद मुकेश को बाहर निकाल दिया गया था। वहां आसपास के लोगों ने बताया कि पुलिस की जिप्सी आई थी और मुकेश को साथ ले गई। यदि पुलिस 13 और 14 अप्रैल की रात को मौके पर गई थी तो मुकेश फिर दो दिन तक कहां रहा? यह जांच का विषय है।
इस सवाल पर एसएचओ सिविल लाइन सतीश कुमार ने कहा कि पुलिस 13 और 14 की रात मौके पर नहीं गई। न ही पुलिस के पास कोई फोन आया था। पुलिस ने सूचना मिलते ही आरोपी के खिलाफ अपहरण के आरोप में केस दर्ज कर लिया था। अब हत्या के आरोप में केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जांच में सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।