खौफनाक: पत्नी का गला घोंट फंदे पर झूल गया पति, बदबू आने पर हुआ खुलासा, सुसाइड नोट में वजह भी लिख गया
हरियाणा के पानीपत में एक व्यक्ति ने खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुसाइड नोट में वारदात की वजह भी लिख गया। दरअसल, पानीपत में व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की फिर खुद ही फंदे पर लटक कर जीवन लीला समाप्त कर ली। कमरे से बदबू आने पर मकान मालकिन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहले पति के साथ रिश्ता रखने और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किए जाने से तंग आकर दूसरे पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद फंदा लगाकर जान दे दी। दूसरे पति का शव पंखे से झूलता मिला जबकि पत्नी का शव बेड पर पड़ा मिला। बेड पर ही तीन पेज का सुसाइड नोट भी मिला, जिससे पता चला कि वारदात 20 जून की है।
पुलिस को वारदात का पता मंगलवार की दोपहर 12 बजे कंट्रोल रूम में आए फोन कॉल से लगा। दरअसल, मॉडल टाउन के शांति नगर के जिस मकान में दंपती रहता था, उसकी मकान मालकिन ने छत पर कपड़े सुखाने के दौरान कमरे से आ रही बदबू पर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
गांव आसन कलां निवासी कृष्ण ने बताया कि उनका छोटा बेटा मनोज (27) रिफाइनरी में ठेका कंपनी के तहत काम करता था। वर्ष 2020 की 19 जनवरी को सोनीपत निवासी आशा उर्फ रानी (38) के साथ उसने लव मैरिज की थी। शादी के बाद बेटा और बहू गांव में रहने लगे। कुछ दिन तक सब ठीक रहा लेकिन फिर बहू ने बेटे पर घरेलू हिंसा करने का आरोप लगाते हुए थर्मल पुलिस चौकी में शिकायत दी थी।
दोनों परिवारों में बात हुई और बहू की जिद पर बेटा और बहू दिसंबर 2020 से मॉडल टाउन स्थित शांति नगर में किराए के मकान में रहने लगे। मंगलवार को पुलिस ने कॉल कर बताया कि मनोज ने आत्महत्या कर ली है। वह मौके पर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। मनोज फंदे पर लटका था और आशा का शव बेड पर पड़ा था। आशा के पास ही सुसाइड नोट भी पड़ा था।
शादी से पहले होटल में बनाया गया था वीडियो
सुसाइड नोट में मनोज ने लिखा है कि पत्नी उसे होटल में बनाए एक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करती है। यह वीडियो दोनों की शादी के पहले बनाया गया बताया जा रहा है, हालांकि सुसाइड नोट में यह नहीं लिखा है कि वीडियो में क्या है।
पत्नी की मां, भाई और पहले पति पर प्रताड़ित करने का आरोप
सुसाइड नोट में मनोज ने लिखा है कि पत्नी उस पर गांव की जमीन बेचकर शहर में प्लाट लेने का दबाव बनाती थी। उसे तीन-तीन दिन तक भूखा रखती थी। उसे शादी के बाद पता चला कि आशा का पहला पति भी है, जिससे वह बात करती है। जब विरोध किया तो आशा ने खुद कपड़े फाड़े और झूठे केस में फंसवाने की धमकी दी। पत्नी के साथ उसकी मां सुमित्रा, भाई सचिन और पहला पति सुनील भी उसे प्रताड़ित करते थे। कॉल कर जान से मारने की धमकी देते थे।
मकान मालिक ने दुर्गंध आने पर पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी थी, जिसके तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। तीन पेज का सुसाइड नोट मिला। परिवार की तरफ से शिकायत मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। - योगेश कटारिया, मॉडल टाउन थाना प्रभारी।