ऑनर किलिंगः बेटी के खून से बाप ने रंगे हाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेटी का प्रेम करना बाप को गवारा नहीं था। खौफनाक कदम उठाते हुए बाप ने बेटे संग मिल कर उसका गला घोंट डाला। ऑनर किलिंग का ये सनसनीखेज मामला हरियाणा के करनाल के गांव कबूलपुर खेड़ा का है।
नाबालिग गुरुवार देर रात अपनी प्रेमी के घर से लौटी थी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे के कुंडे से लटका दिया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पोल खुल गई। पुलिस ने आरोपी पिता व पुत्र को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि नाबालिग लड़की की गांव के ही बबलू नामक से दोस्ती चल रही थी। कुछ दिनों पहले बबलू के खिलाफ थाने में शिकायत भी की गई, परंतु बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद भी उसकी बेटी का युवक से संपर्क बना रहा।
नाबालिग के परिजनों को जब इसका पता चला तो उन्होंने युवती को युवक के घर से पकड़ लिया। इसके बाद तैश में आकर लड़की के पिता मदन व भाई सोनू ने युवती की पहले तो गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में इसे आत्महत्या साबित करने के लिए उसे पंखे से लटका दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ह़ुआ हत्या का खुलासा
इस मामले में दिनभर पुलिस उलझी रही। मामले में कई मोड़ आए और पुलिस उसी हिसाब से कार्रवाई करती रही। लड़की के पिता मदन ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव का ही बबलू उसकी बेटी से छेड़छाड़ करता था।
गुरुवार रात भी कुछ ऐसा ही मामला हुआ, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बबलू के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का प्रकरण दर्ज कर लिया था।
पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट के साथ ही मामले से पर्दा उठ गया। खंड चिकित्सा अधिकारी मुनीष गोयल की अध्यक्षता में पोस्टमार्टम के लिए एक बोर्ड गठित किया गया, जिसने प्रारंभिक तौर पर हत्या की बात कही।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तुरंत हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी बाप-बेटे को काबू कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।