हरियाणाः बेकाबू बस ने 2 कार, बाइक और बुग्गी को रौंदा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के जींद में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में माता-पिता और बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई है। सवारी उठाने के लिए सहकारी समिति की बस ने रोडवेज की बस को ओवरटेक किया तो अनियंत्रित हो गई। बेकाबू बस ने दो कार, एक खच्चर रेहड़ी और एक बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक को रौंदने के कारण उस पर सवार हिसार के राजथल गांव निवासी पति-पत्नी और उनकी 18 साल की बेटी की मौके पर मौत हो गई। जबकि ऑल्टो कार में सवार हिसार के शिकारपुर निवासी एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई।
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद बस चालक और परिचालक फरार हो गए। पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बस के नीचे से निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे द लाल खेड़ा कोऑपरेटिव सहकारी समिति की बस जींद से सवारियों को लेकर हांसी जा रही थी। उसके आगे हरियाणा रोडवेज की बस जा रही थी।
गांव ईक्कस को पार करते ही समिति के बस चालक ने गांव रामराय से रोडवेज की बस से पहले सवारी उठाने के चक्कर में अपनी बस की स्पीड बढ़ा दी और रोडवेज बस को ओवरटेक किया। आगे निकलने के चक्कर में समिति की बस का संतुलन बिगड़ गया। उसने आगे चल रही सेंट्रो कार को टक्कर मार दी। इसके बाद सामने से आ रही एक बाइक को रौंदते हुए पीछे आ रही ऑल्टो कार को टक्कर मार दी।
बस का अगला पहिया ऑल्टो कार के ऊपर ड्राइवर की सीट की तरफ चढ़ गया। इस भीषण हादसे में बाइक सवार हिसार के गांव राजथल निवासी विक्रम प्रकाश (49), उनकी पत्नी निर्मला (46) और बेटी सविता (18) की मौत हो गई। वह जींद आ रहे थे। विक्रम प्रकाश गांव राजथल में निजी स्कूल चलाते थे और नारनौद ब्लॉक में फेडरेशन ऑफ स्कूल एसोसिएशन के ब्लॉक प्रधान थे।
वहीं, कार पर बस चढ़ने से गांव शिकारपुर निवासी सौदान की मौत हो गई। सेंट्रो कार में सवार गांव रामराय निवासी कृष्ण, लक्षण व बुग्गी में सवार गांव रामराय निवासी कश्मीर, गांव तारखा कोठी निवासी बलवान घायल हो गए। इन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम वीरेंद्र सहरावत, डीएसपी रामभज, तहसीलदार प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने क्रेन की सहायता से बस को कार के ऊपर से नीचे उतरवाया। शवों को बस के नीचे से निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया।