Haryana News: गैंगस्टर राजू ठेहठ की हत्या करने वाले पांच शूटर्स गिरफ्तार, हरियाणा के हैं तीन शूटर्स
सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या में भिवानी के सतीश कुम्हार का नाम सामने आने के बाद भिवानी पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि भिवानी पुलिस के रिकॉर्ड में सतीश कुम्हार के नाम से अभी तक कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान के सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहठ की घर के बाहर गोलियां मारकर हत्या करने वाले पांच शूटर्स को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपियों ने कोचिंग संस्थान में बेटी से मिलने गए ताराचंद कदवासरा नाम के व्यक्ति को भी गोली मारी थी और उसकी मौत हो गई थी। जयपुर में पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने बताया कि सीकर निवासी मनीष जाट, विक्रम गुर्जर के अलावा हरियाणा के सतीश कुम्हार, जतिन मेघवाल और एक अन्य को गिरफ्तार किया है।
हथियार और वाहनों की बरामदगी भी हुई है। ये शूटर्स बेहद खतरनाक हैं। उन्होंने पुलिस पर दो जगह फायरिंग की। पहली फायरिंग झुंझुनूं के खेतड़ी कस्बे के बबई गांव में नाकाबंदी पर तैनात पुलिस पर की गई। कार के अंदर बैठे शूटर्स ने पुलिस पर बिना शीशा खोले ही फायर किए। जब्त कार के शीशे पर गोलियों के निशान मिले हैं। जहां बदमाश थानाधिकारी पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इसके बाद जब पुलिस की एक टीम जब देर रात को झुंझुनूं की मालखेत पहाड़ियों में छिपे आरोपी चरखी दादरी के डांडमा के रहने वाले सतीश व जतीन के अलावा एक नाबालिग का पीछा कर रही थी तो वहां भी आरोपियों ने एसआई मनीष शर्मा व हिम्मत सिंह पर फायरिंग कर दी। इसमें दोनों अधिकारी बाल- बाल बचे। बाद में पुलिस ने भी आरोपियों पर जवाबी फायर किया। इसमें सतीश व जतिन घायल हो गए।
हत्याकांड में गिरफ्तार सतीश की उम्र करीब 26 साल है। सतीश के पिता महिपाल की करीब सात साल पहले मौत हो चुकी है। उसकी एक बहन है। दसवीं पास सतीश शादीशुदा है और उसके ढाई साल का एक बेटा है। जतिन उर्फ जोनी पहलवान तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसकी फेसबुक प्रोफाइल के अनुसार उम्र 24 वर्ष है। जतिन के पिता राजमिस्त्री हैं और दोनों बड़े भाई खेती करते हैं। जतिन अविवाहित है और वह भी दसवीं पास है। इन पर दादरी जिले में कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
सतीश कुम्हार का नाम आते ही भिवानी पुलिस हुई सक्रिय
सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या में भिवानी के सतीश कुम्हार का नाम सामने आने के बाद भिवानी पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि भिवानी पुलिस के रिकॉर्ड में सतीश कुम्हार के नाम से अभी तक कोई भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन फिर भी पुलिस लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े इस नाम का रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।
भिवानी जिले के गांव गौरीपुर निवासी नवीन बॉक्सर का नाम भी गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या में सामने आया था। भिवानी पुलिस ने जांच की तो नवीन बॉक्सर की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हो पाई। नवीन बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। नवीन का भिवानी में कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं है। नवीन बीकानेर में एक पेट्रोल पंप लूट की योजना बनाते पकड़ा गया था और फिलहाल जमानत पर बाहर है। नवीन लॉरेंस बिश्रोई गैंग का शूटर है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी लॉरेंस गैंग के भिवानी जिले के एक नाबालिग शूटर का नाम आया था।
पंचायत चुनाव के दौरान गांव में थे दोनों
चरखी दादरी के गांव डांडमा के मौजिज लोगों से सतीश और जतिन को लेकर पूछताछ की तो सामने आया कि ये दोनों पंचायत चुनाव के दौरान गांव में ही थे। चुनाव के बाद से वो नहीं देखे गए। दोनों की छवि गांव में बिल्कुल साफ थी और राजू ठेहट हत्याकांड में उनका नाम सामने आने से ग्रामीण भी अचंभित हैं।
बचपन के दोस्त है दोनों, फेसबुक पर डालते रहते थे पोस्ट
डांडमा के ग्रामीणों के अनुसार सतीश और जतिन दोनों बचपन के दोस्त है और अक्सर इकट्ठे रहते थे। सतीश ने सतीश हरियाणा के नाम से फेसबुक आईडी बना रखी है और उसकी फ्रेंड लिस्ट में 1344 दोस्त हैं। वहीं, जतिन उर्फ जोनी की फेसबुक आईडी जोनी पहलवान डांडमा एचआर के नाम से है। उसके करीब 3105 दोस्त हैं। दोनों की फेसबुक आईडी में राजस्थान के कई युवा जुड़े हैं। दोनों फेसबुक पर अपनी फोटो और पोस्ट डालते रहते थे।
हत्याकांड की सूचना हमें भी मिली थी और जो वीडियो फुटेज सामने आई थी उसमें डांडमा निवासी सतीश और जतिन की पहचान हो गई थी। दादरी पुलिस अलर्ट थी और हमारा प्रयास था कि हमारी सीमा में आते ही दोनों को दबोच लिया जाए। उससे पहले ही ये दोनों राजस्थान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। -विरेंद्र सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर।