बाइक सवार हमलावरों ने तीन लोगों को मारी गोली, महिला और बच्चे की मौत, एक गंभीर घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनीपत के गांव भठगांव के पास बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार हमलावरों ने कैब सवार दो महिलाओं व छह माह के मासूम बच्चे को गोली मार दी। जिससे महिला व मासूम बच्चे की मौत हो गई और बच्चे की मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को राहगीर व कैब चालक सामान्य अस्पताल में लेकर पहुंचा। घायल महिला को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कैब चालक के बयान पर तीन हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिल्ली के कटेवड़ा में हुई हत्या के खुलासे के डर से महिलाओं की हत्या की गई है। पुलिस की टीम ने झज्जर भी पहुंचकर छानबीन की है।
बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए की रहने वाली रेनू अपने छह माह के बच्चे को लेकर सहेली मीनू व दिल्ली के कटेवड़ा गांव निवासी पवन के साथ कैब में करनाल के लिए चली थी। पवन महिला का परिचित बताया गया है। कैब को मूलरूप से दिल्ली के लाडपुर फिलहाल बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए का रहने वाला नीरज चला रहा था। उनको करनाल जेल में बंद सुंदरपाल से मिलना था, जिसके साथ रेनू लिव इन में रहती थी।
इस दौरान पवन ने कहा कि उनकी बुआ का लड़का गांव भठगांव निवासी रवींद्र उर्फ भोलू भी उनके साथ चलेगा। जिससे सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह भठगांव के पास पहुंचे तो जहां बाइक पर दो युवकों के आने पर चालक ने कार रोक दी। कार में आया पवन बाइक सवार रवींद्र व कपिल नाम के युवक के पास जाकर बातचीत करने लगा। जिसके कुछ देर बाद ही बाइक सवार युवक कार के पास आकर ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे। जिससे रेनू घायल हो गई।
इसी बीच मीनू कार से उतरकर भागने लगी तो युवकों ने पीछा कर उसे गोली मार दी। गोली चलते देख चालक कार से उतर कर भाग गया। गोली लगने से रेनू, उसका छह माह का बेटा व सहेली मीनू गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली बच्चे के सिर व पेट में लगीं। उनको गोली मारने के बाद कार में महिलाओं के साथ आया पवन व बाइक सवार दोनों हमलावर युवक भाग गए।
हमलावर के जाने के बाद गाड़ी चालक वहां आया तो उस समय तक वहां काफी लोग भी पहुंच गए थे। गाड़ी चालक ने अन्य लोगों की सहायता से दोनों महिलाओं व बच्चे को कार में डाला और उन्हें लेकर शहर के सामान्य अस्पताल में पहुंचा। जहां मीनू को मृत घोषित कर दिया तो उसके कुछ देर बाद बच्चे की भी मौत हो गई। रेनू को गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक मीनू व बच्चे के शव को सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
दिल्ली के कटेवड़ा में हुए मर्डर के खुलासे के डर से महिलाओं की हत्या करने का शक
पुलिस ने घायल महिला के पहले पति व अन्य परिजनों को मामले से अवगत करवा दिया। हालांकि देर शाम तक दोनों के परिवार की तरफ से कोई भी सोनीपत नहीं पहुंचा है।
पुलिस ने मामले में देर शाम कैब चालक नीरज के बयान पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में सामने आया है कि महिला मीनू आरोपियों द्वारा पहले दिल्ली के कटेवड़ा में की गई हत्या के मामले की राजदार थी। जिससे पर्दा उठने के डर में उन्होंने हत्या की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
भठगांव के पास महिलाओं को उनके जानकार व उसके साथियों ने गोली मारकर हत्या की है। मामले में एक महिला व बच्चे की मौत हो गई और बच्चे की मां की हालत गंभीर है। मृतक मीनू के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। जबकि रेनू के ससुराल पक्ष के लोगों को सूचित कर दिया गया है। जल्द मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पटाक्षेप कर दिया जाएगा। -डॉ. रवींद्र कुमार, डीएसपी