फुटपाथ पर खेल रहे थे पांच मामूम बच्चे, चढ़ा दी तेज रफ्तार पजेरो...एक की हालत गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के सेक्टर-25 में दोपहर लगभग दो बजे तेज रफ्तार पजेरो चालक ने फुटपाथ पर खेल रहे पांच मासूमों पर गाड़ी चढ़ा दी। पजेरो बच्चों को कुचलते हुए एक झुग्गी में जा घुसी। इसमें पांचों मासूम गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनमें से एक ही हालत गंभीर बनी है। घर के बाहर खेल रहे मासूमों पर अचानक गाड़ी चढ़ने से आसपास चीख-पुकार मच गई। हर कोई बच्चों की तरफ दौड़ पड़ा। जख्मियों में तीन से छह साल के बीच के बच्चे शामिल हैं। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस पीसीआर ने जख्मी मासूमों को तुरंत जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया। इलाज के बाद तनुज (5), प्रिया (6), हरमन (3) और विशाल (5) को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि चार साल के जज्जू की सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से पीजीआई रेफर कर दिया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जज्जू के एक हाथ में फ्रेक्चर और सिर पर गंभीर चोट लगी है। इन सभी बच्चों के ज्यादातर सिर, मुंह और नाक पर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी पजेरो चालक सेक्टर-18 निवासी पुखराज (20) को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
बेलगाम कार को पुलिस ने कब्जे में लिया
चालक ने बताया कि एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई। वहीं, गनीमत रही कि उस समय झुग्गी में कोई नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में दो लोग सवार थे। फुटपाथ पर खेल रहे मासूमों पर गाड़ी चढ़ते ही कार की अगली सीट पर बैठा युवक भाग निकला। जख्मी मासूमों के परिजनों का आरोप है कि पुलिस एक ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले को रफा-दफा करना चाहती है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सेक्टर-25 स्थित श्मशानघाट के सामने बने फुटपाथ पर अपने घर के बाहर तनुज, प्रिया, हरमन, जज्जू और विशाल खेल रहे थे। किसी भी तरह की घटना से बेखबर बच्चे रोज तरह अपने खेल में मस्त थे। अचानक पजेरो के फुटपाथ पर आ जाने की उन्हें खबर भी नहीं थी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह बच्चों को कुचलते हुए झुग्गी में जा घुसी, लेकिन वहां किसी के न होने से बड़ा हादसा टल गया। इसकी खबर मिलते ही पुलिस पीसीआर और सेक्टर-24 पुलिस चौकी इंजार्च सब इंस्पेक्टर रोहिताश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गाड़ी को कब्जे में लेकर लोगों के बयान दर्ज किए।
फुटपाथ पर घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर गाड़ी चढ़ने की खबर मिलते ही मासूमों के परिजनों के होश उड़ गए। जो जहां और जैसे था वहां से भागा। आसपास और झुग्गी में रहने वाले तमाम लोग इकट्ठे हो गए। पुलिस ने जख्मी मासूमों को जीएमएसएच सेक्टर-16 पहुंचाया गया। बच्चों के परिजन और रिश्तेदार रोते-बिलखते वहां पहुंचे। अपने बच्चों की यह हालत देखकर किसी की आंख से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। हर कोई बस यही कह रहा था कि आखिर बच्चों पर कार चालक ने गाड़ी क्यों चढ़ाई। फुटपाथ पर बच्चे अपनी मस्ती में खेल रहे थे, जिन्हें कतई यह अंदेशा नहीं था कि कभी कोई उन पर गाड़ी भी चढ़ा देगा।
बाइक को बचाने के चक्कर में हादसा
सेक्टर-11 थाना पुलिस ने सेक्टर-18 निवासी व्यवसायी के बेटे आरोपी कार चालक पुखराज को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 279 और 337 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पुखराज ने बताया कि वह अपने घर से सेक्टर-38 किसी काम से जा रहा था। सेक्टर-25 में श्मशानघाट के पास पहुंचा तो श्मशानघाट की तरफ से एक युवक अचानक अपनी बाइक को मोड़ने लगा। उसे बचाने के चक्कर में कार फुटपाथ पर चढ़ गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार में सिर्फ एक व्यक्ति ही सवार था।