विवाहिता की बेरहमी से हत्या, हाथ-पांव बांध नहर में फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विवाहिता की बेरहमी से हत्याकर शव के हाथ और पैर बांधकर नहर में फेंक दिया गया। शव हरियाणा के अंबाला सिटी के कलेरां के जनसूई इलाके में नरवाना ब्रांच नहर में बहता मिला। शव के हाथ और पांव रस्सी से बंधे हुए हैं।
इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। गोताखोरों की मदद से विवाहिता के शव को बाहर निकाला गया। नग्गल पुलिस ने फिलहाल शव को अंबाला सिटी के सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में टीमें रवाना कर दी हैं। दो टीमों को पंजाब भेजा गया है, क्योंकि नरवाना ब्रांच नहर पंजाब से ही आती है।
सबसे पहले गोताखोर ने देखा शव
दरअसल, जनसूई इलाके में नरवाना ब्रांच नहर पंजाब से हरियाणा में दाखिल होती है। अंबाला में करीबन 19 किलोमीटर का सफर तय करके नहर वाया कुरुक्षेत्र आगे चली जाती है। इसी नहर में जनसूई इलाके के कलेरां गांव के पास नहर के गोताखोर गश्त कर रहे थे। तभी एक गोताखोर ने देखा कि महिला का शव नहर में बह रहा है।
उसने तुरंत नहर में छलांग लगाई और उस शव को लेकर बाहर किनारे की ओर आ गया। बमुश्किल उसने विवाहिता के शव को नहर से बाहर निकाल और किनारे पर रख दिया। उसने नग्गल पुलिस को इसकी सूचना दी। गोताखोर की सूचना पर नग्गल पुलिस भी मौके पर पहुंची और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने देखा कि महिला के शव के दोनों हाथ और दोनों पांव रस्सी से बांधे हुए थे और उसकी नाक से खून बह रहा था। महिला की उम्र तीस से बत्तीस साल बताई जा रही है। महिला ने ब्लैक एंड व्हाइट शर्ट टॉप और ब्लैक जींस पहनी हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा हत्या का खुलासा
महिला के एक पैर में पाजैब भी मौजूद थी। जबकि महिला के पेट पर ऑपरेशन का भी निशान था। इसके अलावा महिला के कपड़ों में से कोई भी ऐसी चीज नहीं मिली, जिससे उसकी पहचान हो सके।
ज्यादा पुराना नहीं है महिला का शव
पुलिस ने कई मुलाजिमों की टीमें बनाकर नहर के पास पड़ने वाले गांवों में भेज दी हैं, ताकि महिला की शिनाख्त हो सके। इसके अलावा दो टीमें पंजाब के पटियाला, राजपुरा इत्यादि क्षेत्रों में भेजी गई है, जहां से नहर गुजरती है। नग्गल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पुलिस ये दावा कर रही है कि महिला का शव ज्यादा पुराना नहीं है। ये शव एक या दो दिन पुराना ही है। क्योंकि अभी तक महिला का शव फूला और सड़ा नहीं है।
पोस्टमार्टम से होगा हत्या का खुलासा
महिला की हत्या पहले की गई या फिर उसके हाथ-पांव बांधकर उसे जिंदा ही नहर में फेंका गया। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा। डॉक्टरों की विशेष टीम इस बात की पुष्टि करेगी कि महिला की हत्या कैसे की गई? पुलिस को आशंका है कि पहले महिला को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसकी नाक पर चोट आई।
उसके बाद उसकी हत्या कर शव नहर में फेंका गया। लेकिन पुलिस इस बात से भी इंकार नहीं कर रही है कि विवाहिता के हाथ-पांव बांधकर उसे नहर में जिंदा ही फेंक दिया गया हो। क्योंकि हत्यारों को यदि महिला की हत्या करने के बाद उसके शव को ही नहर में फेंकना था तो उसके हाथ और पांव बांधने की क्या जरूरत थी? बहरहाल, इसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद होगा?
रघुबीर सिंह, स्टेशन हाउस अफसर, नग्गल थाना ने बताया कि फिलहाल पुलिस की टीमें कई गांवों में महिला की शिनाख्त के लिए रवाना कर दी गई है। पंजाब में भी दो टीमों को भेजा गया है। जल्द ही शव की शिनाख्त हो जाएगी। विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों का बोर्ड करेगा। अभी अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।