युवती ने ऑन द स्पॉट लिया छेड़छाड़ का बदला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मीना बाजार के बाहर दो युवतियों से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। जब युवती ने इसका विरोध किया तो युवक ने भरे बाजार युवती के थप्पड़ जड़ दिया। दुकानदार तमाशबीन बनकर सब देखते रहे।
कोई भी युवती की मदद के लिए आगे नहीं आया, लेकिन युवती ने हरकत का बदला युवक की आंखों में मिर्ची झोंककर लिया। दबंग युवक और उसके साथी युवती व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। मामला शुक्रवार रात करीब नौ बजे का है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाम को युवक ने की छेड़छाड़
शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे दो युवतियां मीना बाजार में शॉपिंग करने के लिए जा रही थीं। डॉ. गुलाटी रोड पर इन युवतियों का पीछा कर रहे एक युवक ने छेड़छाड़ करते हुए एक पर्ची पर अपना मोबाइल नंबर लिखकर एक युवती की पॉकेट में डाल दिया। युवती ने पर्ची निकालकर वहीं फेंक दी, लेकिन युवक अपनी हरकत से बाज नहीं आया।
युवक ने पुन: पर्ची उठाकर पॉकेट में डालने का प्रयास किया। जिस पर युवती ने युवक पर हाथ उठा लिया। युवक ने उसका हाथ पकड़कर उसको ही थप्पड़ जड़ दिया। दुकानदार युवक की हरकत को तमाशबीन बने देखते रहे। कोई भी युवती की मदद करने के लिए आगे नहीं आया। बाद में युवती की सहेली ने अपने एक नजदीकी रिश्तेदार की दुकान में शरण ली। सूचना पाकर युवती के परिजन मौका पर पहुंचे।
सूझबूझ से युवक को सबक सिखाया
बेशक दुकानदारों ने युवती को न्याय नहीं दिलाया। पर युवती ने अपनी सूझबूझ से युवक को सबक सिखाया। युवती ने वह पर्ची अपने कब्जे में ले ली थी जिस पर उस युवक का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। घर पहुंचकर युवती के परिजनों ने एक योजना के तहत युवक से मोबाइल पर बात करके उसे नेहरू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नजदीक बुलाया।
युवक अपने कुछ साथियों समेत कार से वहां पहुंचा। युवती ने जैसे ही युवक को पहचाना पहले से तैयार खड़े परिजनों ने युवकों की आंखों में मिर्ची झोंककर उनकी पिटाई शुरू कर दी। युवक लड़की के परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को काबू कर लिया।
स्कूटी सवार युवती से भी की छेड़छाड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक उपरोक्त युवती से छेड़छाड़ का दुस्साहस करने से पूर्व स्कूटी सवार एक युवती से छेड़छाड़ की थी। युवक ने राह चलती युवती की पॉकेट में पर्ची डाल दी थी। युवती पर्ची को वहीं फेंककर निकल गई थी।
शिकायत न आने पर छोड़ा
शहर थाना प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि आरोपी अपनी गाड़ी छोड़कर मौका से फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को कब्जे में कर लिया। युवती या उसके परिजनों ने कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। युवक के परिजनों को इस संबंध में समझा दिया गया है।