हैवानियत: रेप के बाद बच्ची को मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लुधियाना में तीन दिन पहले लापता हुई नानक नगर निवासी सात वर्षीय बच्ची का शव सोमवार सुबह गांव कक्का धोला के खेतों से नग्न हालत में मिला। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुराचार भी किया गया है।
सूचना मिलने के बाद डीसीपी निलांबरी विजय जगदले, एडीसीपी क्राइम मंजीत सिंह ढेसी, एसीपी कुलवंत सिंह रंधावा और थाना सलेम टाबरी की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इस मामले में पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पिता को सामान देने घर से निकली थी
एसीपी नार्थ कुलवंत सिंह रंधावा ने कहा कि बच्ची के परिजन मूल रूप से उत्तरप्रदेश के जिला आजमगढ़ के रहने वाले हैं। उसके पिता इलाके में ही स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं, बच्ची इलाके में ही स्थित एक स्कूल में पढ़ती थी।
छह जून की शाम को बच्ची घर से सामान लेकर अपने पिता को देने के बाद करीब आठ बजे निकली, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। सवा नौ बजे पिता अपने घर पहुंचा तो बेटी के घर न पहुंचने पर वह परेशान हो गया।
उसने आस-पास के लोगों को बच्ची के बारे में पूछा, लेकिन किसी को कुछ पता नहीं था। इस पर उसने तुरंत बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत थाना सलेम टाबरी में दर्ज कराई।
रेप करने के बाद गला घोंटकर मार डाला
सोमवार सुबह गांव कक्का धौला में खेतों में नग्न हालत में बच्ची का शव देख कर लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचित किया। पीड़ित ने बेटी का शव पहचान लिया।
उसने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों ने उसकी बच्ची को घर के बाहर से अगवा किया और दुराचार कर गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को खुर्द बुर्द करने के लिए खेतों में फेंक दिया। एसीपी कुलवंत सिंह रंधावा ने कहा कि बच्ची के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
आशंका जताई गई है कि बच्ची के साथ दुराचार हुआ है, लेकिन वह पोस्टमार्टम होने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने हर थ्योरी पर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।