9 साल की बच्ची का किया अपहरण, आरोपी दरभंगा से गिरफ्तार, बच्ची भी बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनीपत के वेस्ट रामनगर से नौ साल की बच्ची का अपहरण कर उसे बेचने के लिए दरभंगा (बिहार) ले जाने के आरोपी को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दरभंगा स्टेशन पर पुलिस को देखकर बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया था। गिरफ्तार आरोपी बिहार के दरभंगा के गांव उचेती का रहने वाला राजू राम है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मूलरूप से यूपी फिलहाल वेस्ट रामनगर निवासी एक व्यक्ति ने 18 जनवरी को पुलिस को बताया था कि उसकी नौ साल की बेटी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। उन्होंने बच्ची के अपहरण का शक जताते हुए सिटी थाना पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया था।
परिजनों ने पड़ोस में किराए पर रहने वाले राजू राम पर अपहरण का शक जताया था। जिस पर पुलिस ने आरोपी के बारे में सुराग लगाना शुरू कर दिया। सिटी थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिहार स्थित उसके घर से काबू कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह बच्ची को अपहरण कर सोनीपत से लेकर आया था।
वह उसे बहाने से अपने साथ ले आया और सोनीपत स्टेशन से ट्रेन में बैठा कर दरभंगा बिहार आ गया। दरभंगा स्टेशन पर पुलिस को देखकर वह घबरा गया और बच्ची को स्टेशन पर ही छोड़ कर भाग गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
दरभंगा से बरामद की गई मासूम
पुलिस ने मामले को लेकर जब दरभंगा पुलिस से संपर्क किया तो पता लगा कि बच्ची को जीआरपी ने बरामद कर लिया था। बच्ची एक सामाजिक संगठन के संरक्षण में रह रही है। जिस पर बच्ची को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्ची को परिजनों के हवाले कर दिया है। वहीं, आरोपित से पूछताछ कर रही है।
वेस्ट रामनगर में रहने वाले व्यक्ति ने नौ साल की बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही बच्ची को बरामद कर लिया है। आरोपी बच्ची को बिहार में बेचने की फिराक में था। हालांकि दरभंगा स्टेशन पर पुलिस को देखकर वह बच्ची को वहीं छोड़कर भाग गया था। -सुरेश हुड्डा, थाना प्रभारी, शहर सोनीपत।