अमृतसरः रेस्टोरेंट में खाना मांगना पड़ा भारी, बाउंसरों ने युवक को पीट-पीट कर मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमृतसर के पॉश एरिया रंजीत ऐवन्यू स्थित एक रेस्टोरेंट ‘सोशल साइट’ में नए वर्ष की पार्टी करने कुछ दोस्तों के साथ पहुंचे एक युवक की वहां के बाउंसरों ने इसलिए पीट-पीटकर हत्या कर दी, कि उसने वेटरों से खाना मांग लिया। इस बात को लेकर वेटरों के साथ हुई तू-तू, मैं-मैं के बीच रेस्टोरेंट के दो बाउंसरों ने युवक को जमकर पीटा।
बाउंसरों ने युवक पर लोहे की रॉड से हमला किया। हमले के दौरान युवक के सिर पर लोहे की रॉड से कई घाव हो गए। जख्मी हालत में युवक को उसके दोस्त अस्पताल ले गए। जहां शुक्रवार को उसकी अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की पहचान हरजीत सिंह निवासी सुल्तानविंड रोड, गुरु राम दास कालोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने रेस्टोरेंट के दो बॉक्सरों प्रीत व हैप्पी के खिलाफ थाना रंजीत एवेन्यू में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने हरजीत का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इस संदर्भ में हरजीत के दोस्त नवदीप सिंह निवासी सुदर्शन नगर सुल्तानविंड ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार 31 दिसंबर को रात हरजीत अपने दोस्त नवदीप सिंह सहित चार दोस्तों के साथ सोशल साइट रेस्टोरेंट में पार्टी के लिए पहुंचे थे। इसके लिए उन्होंने रेस्टोरेंट को एडवांस राशि दे रखी थी। पार्टी के बाद रात ढाई बजे हरजीत सिंह ने जब खाना मांगा तो रेस्टोरेंट के स्टाफ ने खाना देने से इंकार कर दिया। स्टाफ सदस्यों ने कहा कि रेस्टोरेंट बंद हो चुका है। इस बात को लेकर स्टाफ सदस्यों व हरजीत सिंह के बीच बहस हो गई।
स्टाफ सदस्यों व बाउंसरों ने सभी दोस्तों को धक्के मारने शुरू कर दिए। धक्के मारते-मारते उन्हें रेस्टोरेंट से बाहर निकाल दिया गया। सभी ने बाउंसरों के साथ बहस शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने चारों दोस्तों पर हमला कर दिया। सभी को चोट लगी। हरजीत उर्फ राजा के साथ बाउंसरों ने लोहे की रॉड से हमला किया। इस दौरान उन्होंने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया है।
बाउंसरों उनको धमकी देकर फरार हो गए। हरजीत को जख्मी हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। इस हत्या में जो भी शामिल होगा, सभी पर करवाई होगी।
पुलिस रेस्टोरेंट मालिक पर भी दर्ज करे केस: मक्खन सिंह
मृतक के पिता मक्खन सिंह ने बताया की उसका बेटा अपने दोस्तों के साथ नया साल मनाने गया था। रोटी मांगने पर बाउंसरों से तकरार हो गई। रेस्टोरेंट वालों की शह पर बाउंसरों ने उनके बेटे को बेस बॉल व लोहे की रॉड से पीटा। जब उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया तो दो दिन तक बेसुध ही पड़ा रहा। बेटे की अस्पताल में शुक्रवार को मौत हो गई। मक्खन सिंह की मांग थी कि पुलिस रेस्टोरेंट मालिक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करे।