आई कैंप में गई 60 की आंखों की रोशनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेत्र शिविर में ऑपरेशन कराने वाले 60 मरीजों की आंखों की रोशनी चली गई। यह दर्दनाक हादसा अमृतसर के गुरदासपुर के गांव घुमान में हुआ। गांव घुमान में बीते सप्ताह आयोजित नेत्र शिविर में ऑपरेशन कराने वाले 60 मरीजों की आंखों की रोशनी चली गई।
वीरवार को मामले का खुलासा होने पर जिला प्रशासन की ओर से सभी मरीज अमृतसर के ईएनटी अस्पताल ले जाए गए। जांच में खुलासा हुआ कि सभी के ऑपरेशन में लापरवाही बरती गई है।
बताया जाता है कि कुछ मरीजों की रेटिना तक निकाल ली गई। मामले की जानकारी मिलते ही डीसी, सिविल सर्जन समेत उच्चाधिकारी ईएनटी अस्पताल पहुंचे। नेत्र शिविर को लगाने के लिए किसी जिम्मेदार अधिकारी से इजाजत नहीं ली गई थी।
एक एनजीओ द्वारा आयोजित इस शिविर में जिले के अजनाला सेक्टर के गग्गो महल गांव के 16 लोगों ने आपरेशन कराया। बाकी 44 मरीज गुरदासपुर जिले के थे। आपरेशन के बाद 60 मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ती गई। कुछ मरीजों की आंखों से पानी तो कुछ मरीजों की आंखों से खून निकलने लगा।
इसके बाद गग्गोवाल निवासी मरीजों के परिजनों ने मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी। इससे अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन सभी को अमृतसर ईएनटी अस्पताल लाया गया।
किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति ने आपरेशन किए
यहां डा. करमजीत सिंह ने मरीजों की जांच शुरू की। इसी बीच डीसी रवि भगत, सिविल सर्जन राजीव भल्ला आदि अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। मरीजों की जांच करने में जुटे डा. करमजीत सिंह ने बताया सभी आपरेशन गलत तरीके से किए गए हैं।
उन्होंने संभावना जताई कि किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति ने आपरेशन किए हैं। उन्होंने बताया जांच के दौरान पता चला कि कुछ मरीजों की आंखों के रेटिना (जिससे दिखाई देता है) निकाल लिए गए हैं। सभी मरीजों की जांच पूरी नहीं हो सकी है।
डॉक्टर राजीव भल्ला, सिविल सर्जन, अमृतसर ने बताया कि गग्गो महल के 16 लोगों समेत 60 लोगों की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा चुकी है। हम मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। दोनों गांवों में किसी एनजीओ की ओर से नेत्र शिविर लगाने की अनुमति नहीं लेने की जानकारी मिली है। मामले में आपराधिक धाराओं में केस दर्ज कराया जाएगा।
रवि भगत, उपायुक्त, अमृतसर ने बताया कि सभी मरीजों को ईएनटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डा. करमजीत सिंह सभी की जांच कर रहे हैं। मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।