सैलून में काम करने वाले युवक की गोली मारकर हत्या, लड़की का एंगल भी आया सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्लौर के निकट सैलून में काम करने वाले युवक की गन्ना पिंड में गुरुवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामपाल (24) के रूप में हुई है। थाना फिल्लौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने फिल्लौर एसएचओ के बयान पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में किसी लड़की को लेकर हत्या किए जाने की बात पुलिस को पता चली है।
पुलिस के अनुसार रामपाल फिल्लौर-तलवन रोड पर स्थित भोलेवाल मोड़ के नजदीक सैलून का काम करता था। गुरुवार देर शाम करीब 7.30 बजे बिजली कड़क रही थी। इस दौरान रामपाल फोन सुनने के लिए दुकान से बाहर गया। जब काफी देर तक रामपाल नहीं आया तो दुकान में काम करने वाला दूसरा लड़का उसको बुलाने गया।
उसने देखा कि खून से लथपथ रामपाल जमीन पर गिरा पड़ा है। उसने तुरंत मालिक को बताया। मालिक ने गांव के लोगों व पुलिस को सूचित किया। पुलिस के मुताबिक रामपाल के पिता नहीं हैं और मानसिक रूप से बीमार मां मायके फगवाड़ा में ही रहती थी।
रामपाल अपने मालिक के साथ गन्ना पिंड में उसकी कोठी में रहता था। पुलिस के मुताबिक किसी ने गोली चलने की आवाज तक नहीं सुनी, घटना के बारे में भी तब पता चला जब उसकी लाश देखी गई। डीएसपी दविंदर अत्री ने बताया कि फिलहाल कातिलों का कोई सुराग नहीं लगा है, जांच की जा रही है। रामपाल को दो गोलियां लगी हैं, एक सीधी दिल पर मारी गई है।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर हत्यारों के बारे में सुराग लगाया जा रहा है। रामपाल के परिवार का पता लगाया जा रहा है। किसी परिजन के अभी तक सामने नहीं आने पर थाना फिल्लौर के एसएचओ सुक्खा सिंह के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।
एसएचओ सुक्खा सिंह ने बताया प्रारंभिक जांच में किसी लड़की को लेकर हत्या किए जाने की बात पता चली है। पुलिस लड़की के अलावा अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।