हरियाणाः अक्टूबर में क्राइम की घटनाओं में आई कमी, दर्ज की गई 12.73 प्रतिशत की गिरावट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में अक्टूबर माह के दौरान क्राइम का ग्राफ 12.73 प्रतिशत कम हुआ है। अपराध के इस गिरते ग्राफ को लेकर पुलिस महकमे के अफसर खासे उत्साहित हैं। अक्टूबर 2019 के दौरान गत वर्ष इसी अवधि की तुलना में अपराध क्राइम अगेंस्ट पर्सन व क्राइम अगेंस्ट प्रापर्टी के मामलों में भी 7.71 प्रतिशत व 12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने बताया कि इस साल अक्टूबर माह में विभिन्न पुलिस थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, दुष्कर्म, अपहरण व अन्य घटनाओं के कुल 10,316 मामले दर्ज किए गए जो 2018 में इसी अवधि के दौरान दर्ज 11,821 मामलों से 1,505 कम है। उन्होनें कहा कि पिछले साल अक्टूबर में दर्ज क्राइम अगेंस्ट पर्सन के मामलों की संख्या 2710 से घटकर 2501 रह गई।
इसी प्रकार क्राइम अगेंस्ट प्रापर्टी से संबंधित अपराध की कुल 2867 घटनाएं दर्ज हुई, जो पिछले साल अक्टूबर की इसी अवधि में दर्ज 3260 मामलों से 393 कम हैं। हत्या की दर में 13.13 प्रतिशत व बलात्कार की घटनाओं में 23.7 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
यादव के अनुसार अक्टूबर 2019 में हत्या के मामले 99 से घटकर 86 रह गए जबकि हत्या के प्रयास के मामलों की संख्या 77 से कम होकर 66 हुई। इसी प्रकार, बलात्कार की 37 घटनाएं कम हुई जो 2018 में दर्ज 156 से घटकर 119 रह गई।
अपहरण मामलों की संख्या 330 से घटकर 296, गलत तरीके से कैद की घटनाएं 167 से कम होकर 96 व दंगों आदि के मामले 273 से कम होकर 256 रह गए। अक्टूबर 2019 में सरकारी कार्य में बाधा व कर्मचारी पर हमले से संबधित 56 केस दर्ज किए गए, जबकि 2018 में यह आंकडा 88 था।
मनोज यादव ने बताया कि अक्टूबर 2019 में भी डकैती, लूट, स्नैचिंग, सेंधमारी और चोरी जैसे संपत्ति से संबधित अपराध के मामलों में भी 2018 की इसी अवधि की तुलना में कमी देखी गई। डकैती के मामले 19 से कम होकर 8 रह गए, लूट के 107 से घटकर 89, स्नैचिंग के 243 से कम होकर 184, सेंधमारी के 646 से कम होकर 566 व चोरी की घटनाएं 2245 से घटकर 2020 रह गई।