यमुनानगर में हादसा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़-रुड़की नेशनल हाईवे-73 पर कलानौर के पास मंगलवार देर रात बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार उत्तराखंड के भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष की मौत हो गई जबकि उनके दो दोस्त घायल हो गए।
राकेश प्रजापति (35) हरिद्वार के कनखल की शिव शक्ति विहार कॉलोनी के निवासी और उत्तराखंड के भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। सोमवार को राकेश के भाई सुनील प्रजापति की सास का देहांत हो गया था जिसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राकेश प्रजापति जगाधरी की मनोहर कॉलोनी में आए थे।
मंगलवार रात करीब आठ बजे यहां से वे अपनी बोलेरो कार में हरिद्वार के लिए रवाना हुए। साथ में उनके दो दोस्त उनकी ही कॉलोनी के विष्णु दत्त और दीपक प्रजापति भी थे। कार खुद राकेश प्रजापति चला रहे थे।
चंडीगढ़- रुड़की नेशनल हाईवे 73 पर कलानौर के पास स्थित महाराजा ढाबा के नजदीक उनकी कार की सहारनपुर की ओर से आ रहे ट्रक के साथ टक्कर हो गई। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार तीनों दोस्त घायल हो गए। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने राकेश प्रजापति को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया लेकिन बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
खिड़की तोड़कर निकाले बाहर
मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे हाईवे पर जहां हादसा हुआ, उससे कुछ दूरी पर महाराजा होटल है। होटल कर्मचारियों के अनुसार रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें धमाके ही आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर होटल कर्मचारी घटनास्थल की ओर भागे। हादसे को देख उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी।
टक्कर इतनी तेज हुई थी कि कार का अगला हिस्सा सिमट का काफी पीछे तक आ गया था। इसमें कार चला रहे राकेश बुरी तरह फंस गए थे। होटल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।
हादसे की सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस
हादसे की सूचना कंट्रोल रूम में देने के करीब 10-15 मिनट बाद पुलिस तो मौके पर पहुंच गई, लेकिन एंबुलेंस नहीं। परिजनों का कहना है कि हादसा होने के करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल हुए तीनों दोस्तों को एंबुलेंस के माध्यम ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
नहीं दिया सही उपचार
मृतक के भाई सुनील प्रजापति का आरोप है कि हादसे के बाद एक तो एंबुलेंस सही समय पर मौके पर नहीं पहुंची। उसके बाद ट्रामा सेंटर में घायलों को सही उपचार नहीं दिया गया। थोड़ी बहुत मरहम पट्टी कर ट्रामा सेंटर से उसके भाई राकेश को पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। यदि समय पर एंबुलेंस पहुंचती और ट्रामा सेंटर में सही उपचार मिलता तो शायद जान बच सकती थी।
उत्तराखंड से पहुंचे भाजपा नेता, स्थानीय नेता नदारद
उत्तराखंड के भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष राकेश प्रजापति की हादसे में मौत की सूचना मिलने पर उत्तराखंड से कई भाजपा नेता पहुंचे। किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अर्पित अग्रवाल का कहना है कि उत्तराखंड से कई भाजपा नेता हादसे के बाद ट्रामा सेंटर में पहुंचे, लेकिन कोई भी स्थानीय नेता नहीं आया।
एएसआई ऋषिपाल, प्रभारी कलानौर चौकी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। चालक की तलाश जारी है।