CPS की गाड़ी से हादसा, 7 वर्षीय बच्ची की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीपीएस की स्कार्पियो गाड़ी की टक्कर से एक कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, 2 घायल हो गए। हादसा लाडवा (कुरुक्षेत्र) में लाडवा-कुरुक्षेत्र रोड पर हुआ।
हादसे में कार बुरी तरह पिचक गई और सात वर्षीय बच्ची अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
बच्ची मथाना स्थित एक निजी स्कूल में प्रथम कक्षा में पढ़ती थी। स्कॉर्पियो रादौर के विधायक और सीपीएस श्याम सिंह राणा के परिवार की है। हादसे के वक्त उनके बेटे नेपाल राणा भी गाड़ी में थे।
हादसे में मारी गई अंशुल के पिता सुखविंद्र सिंह निवासी खैरा गांव ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह अपनी मां कृष्णा देवी और पिता जगमेर के साथ बीमार बेटी अंशुल को दवाई दिलाने के लिए लाडवा गए थे।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी
मारी गई अंशुल के पिता सुखविंद्र सिंह बाइक पर थे जबकि परिवार के दूसरे लोग कार में थे। लौटते समय पिता जगमेर सिंह कुरुक्षेत्र रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के लिए रुक गए। जैसे ही उनकी कार सड़क पर पहुंची, कुरुक्षेत्र की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी।
इस कारण कार गड्ढे में जा गिरी। पेट्रोल पंप कर्मियों ने कार में सवार सभी को बाहर निकाला। बाद में उनको लाडवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंशुल को मृत घोषित कर दिया।
कृष्णा देवी और जगमेर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सुखविंद्र सिंह की शिकायत पर स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नेपाल सिंह राणा, सीपीएस श्याम सिंह राणा के पुत्र ने कहा कि दुर्भाग्यवश हुए इस हादसे में बच्ची की मौत का हमें बहुत दु:ख है। हादसे का शिकार परिवार भी अपना ही है। गाड़ी मेरा साथी चला रहा था। हादसे के बाद हमने घायलों को दूसरी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।