दुष्यंत चौटाला बोले- सैनेटाइजर और मास्क की कालाबाजारी और भंडारण करने पर होगी कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस को लेकर प्रदेश सरकार ने आमजन के स्वास्थ्य के दृष्टिगत निर्णय लिया है कि कोई भी सैनेटाइजर और मास्क की स्टोरेज नहीं करेगा। इसको लेकर सभी डीएफएसओ को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं पर भी हैंड वॉश सैनेटाइजर और मास्क की स्टोरेज तथा कालाबाजारी न हो। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह बात उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को सिरसा अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह से सर्तक है और इसके बचाव के लिए सभी आवश्यक मेडिकल सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार ने फैसला लिया है कि किसी को भी सैनेटाइजर और मास्क की स्टोरेज करने की इजाजत नहीं होगी।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस से घबराने की बजाए इसके बचाव के लिए सावधानी और सतर्कता बरतने की जरूरत है। स्वच्छता के बारे छोटी-छोटी सावधानियां बरतते हुए हम कोरोना के प्रकोप से बच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर कोरोना बचाव और लोगों को जागरूक करने के लिए सभी तैयारियां की है। लोगों को सेनेटाइजर और मास्क निर्धारित दरों पर जरूरत अनुसार उपलब्ध हो इसके लिए सभी डीएसओ को निर्देश जारी किए गए हैं कि कहीं पर भी उक्त चीजों की स्टोरेज न हो।
उपमुख्यमंत्री ने ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल के बारे पूछे सवाल के जवाब में कहा कि सभी जिला उपायुक्तों से ओलावृष्टि और बारिश से फसलों से हुए नुकसान की रिपोर्ट तलब की गई है। जहां 25 प्रतिशत से अधिक का नुकसान है, वहां विशेष गिरदावरी करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हित को लेकर पूरी तरह से गंभीर है और किसानों की आमदनी को दोगुना करने की दिशा में कई कारगर योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं।
प्रदेश में औद्योगिक और विदेशी निवेश को लेकर पूछे गए सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा की सरकार पूरी प्रतिबद्धता से औद्योगिक विकास के लिए प्रयासरत है। हाल ही में हुई औद्योगिक प्रोत्साहन बोर्ड की बैठक में चार अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि यूरोपी कंपनी जॉनसन को बावल में स्पेयर पार्ट्स की फैक्ट्री स्थापित करने के लिए जमीन आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। सात हजार करोड़ के निवेश के साथ एक अन्य अंतरराष्ट्रीय कंपनी एटीएल सोहना में बैटरी प्लांट स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि की उड्डयन उद्योग के विकास के लिए भी सरकार ने कई फैसले लिए है।
पायलट के प्रशिक्षण के लिए हिसार में 120 करोड़ रुपये के निवेश से बोइंग और एयर बस का सिम्युलेटर स्थापित किया जायेगा। एमआरओ की ग्लोबल डिमांड के दृष्टिगत हिसार में भी इसकी स्थापना होगी। ड्रोन ट्रेनिंग भिवानी की हवाई पट्टी पर शुरू करवाने के लिए कार्य शुरू किया जायेगा। इसके लिए डीजीसीए को भिवानी हवाई पट्टी को डी लिस्टेड करने के लिए कहा गया है।
एयर एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए भी सरकार ने बेहतरीन योजना तैयार की है। महेंद्रगढ़ की हवाई पट्टी पर एयर एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू करवाई जाएंगी, पिंजौर और करनाल में पहले से चल रहे एयर ट्रेनिंग स्कूलों की कैपेसिटी बढ़ाने का कार्य शुरू किया जायेगा।