चंडीगढ़: चार हॉस्टल समेत कई अस्पताल, स्कूल और होटल टेकओवर, 2700 बेड के आइसोलेशन सेंटर तैयार
कोरोना वायरस से लड़ने को चंडीगढ़ प्रशासन ने एक व्यापक प्लान तैयार किया है। इसके तहत प्रशासन ने शहर के कई निजी अस्पताल, होटल, पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल, स्कूल, धर्मशाला व अन्य भवनों को टेकओवर कर वहां पर आइसोलेशन बेड तैयार कर दिए हैं। इन जगहों पर 24 घंटे डॉक्टर, सफाई कर्मचारी, नर्स और प्रशासन के अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।
कोरोना वायरस के पूरी तरह से फैलने के बाद उत्पन्न हुई स्थिति को लेकर प्रशासन ने यह तैयारी की है। प्रशासन ने 12 हजार कोरोना पॉजिटिव केसों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था तैयार की है। यह चंडीगढ़ की पूरी जनसंख्या का करीब 1 प्रतिशत है। प्रशासन के अनुसार, सबसे बुरी स्थिति में 70 प्रतिशत मामलों में संक्रमित व्यक्ति को हल्का बुखार आदि होता है, जिसमें व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता नहीं होती।
ऐसे में बाकी बचे 3600 मरीजों के लिए प्रशासन ने बेड की व्यवस्था तैयार कर ली है। प्रशासन ने कोविड केयर सेंटर, क्लीनिक, क्वारंटीन सेंटर, लॉन्ड्री, खाना, मेडिकल वेस्ट, चिकित्सा उपकरण, बजट समेत पूरी व्यवस्था बनाई है। किस डॉक्टर, सफाईकर्मी, नर्स और अधिकारी की कहां ड्यूटी होगी, इसका भी चार्ट बना लिया गया है। हालांकि प्रशासन के अधिकारियों का मानना है कि चंडीगढ़ में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। फिर भी प्रशासन तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता है।
संदिग्धों की जांच के लिए बनाए छह क्लीनिक
चंडीगढ़ प्रशासन ने पाया कि प्रत्येक अस्पताल में फीवर क्लीनिक की काफी आवश्यकता है, ताकि संदिग्धों की इन क्लीनिक में जांच हो सके और अगर जरूरत पड़े तो ज्यादा गंभीर मामलों की कोरोना वायरस के लिए जांच के लिए भेजा जा सके। ऐसी स्थिति के लिए शहर में छह क्लीनिक तैयार किए गए हैं, जिनमें जीएमएसएच-16, जीएमसीएच-32 पीजीआई, हेल्थ केयर सेंटर सेक्टर-22, 45 और मनीमाजरा हैं। कोरोना जांच के सैंपल की रिपोर्ट आने तक व्यक्ति को आइसोलेशन में रखा जाता है। ऐसे में मामलों की संख्या बढ़ने पर तीनों अस्पतालों में आइसोलेशन बेड की संख्या को बढ़ाकर 115 करने की योजना है।
पीयू के चार हॉस्टलों में 630 बेड की व्यवस्था
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-22 के सूद धर्मशाला में 300 बेड, पंचायत भवन में 109 बेड, जीएमसीएच-32 के हॉस्टल में 100 बेड, पंजाब यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल हॉस्टल में 120 बेड, पीजीआई के इंफोसिस सराय में 254 बेड, पीयू के गर्ल्स हॉस्टल नंबर-8, 9 और 10 में 510 बेड, पीजीआई के पीछे स्थित सरकारी स्कूल में 200 बेड, होटल पार्क व्यू में 312 बेड, जेम्स होटल में 270 बेड और शहर के विभिन्न निजी अस्पताल और नर्सिंग होम में 500 बेड की व्यवस्था की गई है।
सभी कोविड केयर सेंटर के बाहर खड़ी रहेगी एंबुलेंस
प्रशासन की तरफ से बनाए गए सभी कोविड केयर सेंटर के बाहर 24 घंटे एक एंबुलेंस खड़ी रहेंगी। जरूरत पड़ने पर प्राइवेट अस्पतालों के एंबुलेंस की भी मदद ली जा सकती है। इसके अलावा प्रत्येक कोविड केयर सेंटर में 24 घंटे एक आयुष डॉक्टर और एक एलोपैथिक डॉक्टर तीन शिफ्ट में मौजूद होंगे। इसके अलावा वॉर्ड असिस्टेंट, नर्स, सैनिटरी स्टॉफ भी 24 घंटे मौजूद रहेगा। प्रत्येक सेंटर में प्रशासन का एक अधिकारी और दो अन्य लोग डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की मदद के लिए तैनात रहेंगे।
स्टेडियम, कम्युनिटी सेंटर में बनेगा क्वारंटीन होम
प्रशासन के प्लान के तहत अगर ज्यादा लोगों को क्वारंटीन करने की जरूरत पड़ती है तो इसमें शहर के विभिन्न सेक्टरों में मौजूद स्टेडियम, स्कूल, कम्युनिटी सेंटर आदि को भी क्वारंटीन होम और सेंटर के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इन जगहों पर कालोनी आदि में रहने वाले लोगों को रखा जाएगा। यहां पर उन्हें सभी तरह की सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि संक्रमण का खतरा अन्य लोगों को न हो। इन्हें खाना आदि सुविधाएं देने की जिम्मेदारी चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम की होगी।
यह तैयारी सबसे खराब स्थिति से निपटने के लिए की गई है। हालांकि चंडीगढ़ में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी फिर भी प्रशासन अपनी तरफ से तैयार है। किसी भी शहरवासी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। - अरुण कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य सचिव, चंडीगढ़