हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव, एकांतवास में गए
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसलिए वह एकांतवास में चले गए हैं। उनमें कोरोना का कोई भी लक्षण नहीं है, बावजूद इसके रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दुष्यंत पूरी एहतियात बरत रहे हैं। दुष्यंत ने वीडियो संदेश व ट्वीट के जरिये कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मंगलवार को साझा की।
उन्होंने उन सभी लोगों से डॉक्टर की सलाह लेकर कोविड-19 टेस्ट कराने की अपील की है, जो एक सप्ताह में उनके संपर्क में आए हैं। चूंकि, उपमुख्यमंत्री सिरसा में होने के कारण लगातार जनसंपर्क अभियान चलाए हुए थे। लोगों की समस्याओं को भी उन्होंने निरंतर सुना। सोमवार को वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जीएसटी काउंसिल की बैठक में भी शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि बुखार या कोरोना का कोई अन्य लक्षण नहीं है। लेकिन, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के कारण वह स्वयं एकांतवास में चले गए हैं। स्वास्थ्य संबंधी सभी हिदायतों का पालन किया जाएगा। पंचकूला की सिविल सर्जन ने भी उपमुख्यमंत्री के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की है।
याद रहे कि दुष्यंत से पहले सीएम मनोहर लाल, परिवहन मंत्री, ऊर्जा मंत्री, कृषि मंत्री समेत दर्जन से ज्यादा विधायक, सांसद भी संक्रमित होकर ठीक हो चुके हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी बीते दिनों कोरोना की चपेट में आ गए थे।
Haryana Deputy CM Dushyant Chautala says, he has tested positive for #COVID19
(file pic) pic.twitter.com/eNXmfRQORT— ANI (@ANI) October 6, 2020