नशों और प्रॉपर्टी टैक्स पर कांग्रेस छेड़ेगी आंदोलन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में हार के बाद बैकफुट पर चल रही कांग्रेस एक बार फिर सक्रिय होने जा रही है। हार के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रधान प्रताप बाजवा विवाद में उलझ कर मौन हो गए थे।
पर अब वह फिर मुखर हुए हैं। बाजवा ने मालवा में धन्यवाद दौरा शुरू किया है। जल्द ही पार्टी नशों और प्रॉपर्टी टैक्स के मुद्दे पर आंदोलन छेड़ने की तैयारी कर रही है।
कैप्टन अमरिंदर हरा चुके हैं अरूण जेटली को
लोकसभा चुनाव में पार्टी की सीटें पिछली बार की आठ के मुकाबले घट कर तीन रह गई हैं। बाजवा खुद भी बुरी तरह चुनाव हारे हैं। वहीं, उनके विरोधी कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय नेता अरुण जेटली को भारी अंतर से हराया है।
चुनाव के बाद कैप्टन मजबूत होकर उभरे हैं, तो बाजवा बहुत कमजोर हो गए। हालांकि, बाजवा को हाईकमान से अभयदान मिल गया, क्योंकि पड़ोसी राज्यों में पार्टी का प्रदर्शन इससे भी खराब रहा।
लेकिन, कैप्टन गुट ने हार की जिम्मेदारी बाजवा पर डाल दी। जबरदस्त घेराबंदी करके उनके इस्तीफे की पुरजोर मांग उठाई। इसके बाद बाजवा बिल्कुल शांत हो गए। न तो वह पार्टी प्लेटफॉर्म पर आए और न ही लोगों के बीच गए।
विरोध के डर से बाजवा ने नहीं बुलाई औपचारिक बैठक
विरोध के डर से उन्होंने हार की समीक्षा के लिए प्रदेश कांग्रेस की औपचारिक बैठक तक नहीं बुलाई। आखिर हाईकमान ने कैप्टन गुट को शांत कराया और बाजवा ने चैन की सांस ली। अब उप चुनाव होने हैं और वे भी बाजवा की ही अगुवाई में होंगे।
इसे देखते हुए बाजवा फिर एक्टिव हुए हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने बठिंडा हलके में धन्यवाद दौरे से की। क्योंकि, यहीं के तलवंडी साबो हलके में उप चुनाव होना है।
इसके बाद पार्टी प्रॉपर्टी टैक्स और नशों के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी। चुनाव से पहले भी कांग्रेस ने नशों के मुद्दे पर आंदोलन चलाया था। पार्टी उसे दोबारा जिलास्तर पर ले जाने की तैयारी में है।
सदन में भी सरकार को घेरेंगे
कांग्रेस ने विधानसभा में भी सरकार को घेरने की तैयार की। सीएलपी लीडर सुनील जाखड़ की अगुवाई में पिछले दिनों कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के आवास पर धरना दिया था।
अब कांग्रेस 15 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सेशन में भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। सरकार को नशों, प्रॉपर्टी टैक्स, किसानों की अदायगी न होने, भलाई स्कीमों की राशि जारी न होने जैसे कई मुद्दों पर घेरा जाएगा।