पंजाब बजटः गुरदासपुर, पठानकोट, संगरूर को मेडिकल कॉलेज की सौगात, 15 नई आईटीआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनप्रीत बादल की ओर से पेश किए गए 2019-20 के बजट में लगभग सभी क्षेत्रों का ख्याल रखा गया है। वित्त मंत्री ने कृषि क्षेत्र में सबसे अधिक बजट का प्रावधान करते हुए अन्य क्षेत्रों को ढांचागत विकास पर अधिक जोर दिया है। साथ ही सेहत और शिक्षा के बजट में भी इजाफा किया गया है।
1- कृषि के लिए सबसे ज्यादा बजट
बजट में कृषि सेवाओं के लिए सबसे ज्यादा 13643 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसके तहत राज्य में जारी किसान कर्ज माफी की योजना के अगले चरण के लिए 3000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसी योजना के तहत सरकार अब प्रदेश के भूमिहीन किसानों के कर्ज भी माफ करेगी। किसानों को मुफ्त बिजली मुहैया कराने के लिए सब्सिडी राशि को बढ़ाकर 8969 करोड़ कर दिया गया है।
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के लिए 200 करोड़ और प्रदेश की मंडियों के विकास के लिए 750 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। फसली विविधता को बढ़ावा देने के लिए नेशनल हार्टिकल्चर मिशन के तहत अगले वित्त वर्ष के लिए 60.49 करोड़ रुपये रखे गए हैं। पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कारपोरेशन अबोहर में फल-सब्जियों का प्रसाधन संबंधी प्रोजेक्ट लगाने के लिए बजट में 19.67 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
वित्त मंत्री ने बजट में गन्ना किसानों के लिए भी 355 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। वहीं पराली जलाने से रोकने के लिए लागू योजना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तय 269 करोड़ रुपये की राशि को बढ़ाकर 375 करोड़ रुपये करने का एलान किया है।
2- स्वास्थ्य : गुरदासपुर, पठानकोट और संगरूर में खुलेंगे मेडिकल कॉलेज
बजट में गुरदासपुर, पठानकोट और संगरूर में तीन नए मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर खोलने का एलान किया गया है। स्वास्थ्य के लिए बजट में 10.87 फीसदी की बढ़ोतरी करते हुए वर्ष 2019-20 के लिए 3465 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नेशनल हेल्थ मिशन के तहत महिलाओं का संस्थानिक डिलीवरी और नवजात बच्चे को मुफ्त इलाज मुहैया कराने के लिए 978.12 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
सरबत सेहत बीमा योजना के लिए 250 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसके अलावा 239 प्राइमरी व 190 सेकेंडरी हेल्थ सेंटरों के अपग्रेडेशन के लिए 22.50 करोड़ की व्यवस्था की गई थी। होशियारपुर, फाजिल्का और अमृतसर में कैंसर सेंटर के लिए 60 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसके अलावा पटियाला और अमृतसर के कॉलेजों के अपग्रेडेशन के लिए 189.15 करोड़ का प्रस्ताव रखा गया है।
3- शिक्षा : सूबे में 15 और आईटीआई खुलेंगे
पंजाब में 15 नए आईटीआई खोलने के लिए बजट में 15 करोड़ रुपये रखे गए हैं जबकि पटियाला में एक ओपन यूनिवर्सिटी के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ने पंजाब में शिक्षा के बजट में 9.75 फीसदी का इजाफा किया है। अगले वित्त वर्ष के दौरान पंजाब में 2110 और इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जाएंगे।
स्मार्ट स्कूलों को निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये रखे गए हैं। नए साल के लिए दो नई स्कीमों का एलान भी किया गया है। इनमें समग्र शिक्षा अभियान (एलिमेंटरी) के लिए 750 करोड़ और समग्र शिक्षा अभियान (सेकेंडरी) के लिए 323 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मालेरकोटला में लड़कियों के स्कूल की नई इमारत बनाने के लिए बजट में 5 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
इनके अलावा भुच्चो, बालुआना, धर्मकोट, छब्बेवाल, दसूहा, समराला, नाभा, एसएएस नगर, मलौट और खेमकरण में नए कालेजों के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर में फैकल्टी सुधार के लिए 7 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। साथ ही जीएनडीयू, पंजाबी यूनिवर्सिटी, पीएयू, गडवासू, गुरु रविदास आयुर्वेद यूनिवर्सिटी, राजीव गांधी नेशनल ला यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ को दी जा रही ग्रांट-इन-एड को 6 फीसदी बढ़ाया गया है। पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में शोध कार्यों के लिए 50 करोड़ की विशेष सहायता दी जाएगी।
4- उद्योग
पंजाब में उद्योगों को जारी सस्ती बिजली को बनाए रखते हुए वित्त मंत्री ने अगले बजट में 1513 करोड़ रुपये का दिए हैं।
5- अमृतसर बनेगा टूरिस्ट शहर
पवित्र नगरी अमृतसर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूरिस्ट शहर का रूप देने के लिए विश्व भर से शीर्ष शिल्पकार और टाउन प्लानर बुलाई जाएंगे। वित्त मंत्री ने बजट में इस कार्य के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
6- श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व
वित्त मंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के शानदार आयोजन को यकीनी बनाने के लिए वर्ष 2019-20 के बजट में 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस आयोजन के तहत गुरु जी के जीवन से संबंधित शहर सुलतानपुर लोधी, श्री डेरा बाबा नानक और बटाला के बुनियादी ढांचे के विकास पर काम किया जा रहा है और सरकार ने श्री डेरा बाबा नानक विकास प्राधिकरण की स्थापना की है। बजट में इस कस्बे के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं सुलतानपुर लोधी में बेबे नानकी गर्ल्स कॉलेज के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
7- जलियांवाला बाग शताब्दी समारोह
पंजाब सरकार 13 अप्रैल, 2019 को जलियांवाला बाग नरसंहार के 100 साल साल होने शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरूप शताब्दी समारोह का आयोजन करेगी। वित्त मंत्री ने इसके लिए बजट में 5 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। हालांकि उन्होंने जरूरत पड़ने पर और फंड मुहैया कराने का भरोसा भी दिलाया है।
8- फूड स्ट्रीट
विश्व भर में प्रसिद्ध पंजाब के जायकों के प्रसार पर वित्त मंत्री का ध्यान गया है। बजट में उन्होंने होशियारपुर, पटियाला और बठिंडा में फूड स्ट्रीट खोलने का एलान किया है।
9- सामाजिक योजनाएं
वित्त मंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जिनमें शिक्षा, सामाजिक-आर्थिक और अन्य विकास कार्यों के लिए बजट में 1228 करोड़ रुपये देने का प्रस्ताव किया है। इसके तहत एससी-बीसी के शैक्षिक विकास पर संबंधी स्कालरशिप योजनाओं के लिए 938.71 करोड़ रुपये, एससी/बीसी/ईसाई/विधवा/तलाकशुदा और विधवा की बेटियों के विवाह के लिए आशीर्वाद योजना के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।
इसी तरह, एससी बहुल गांवों में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ने सामाजिक पेंशन योजनाओं के मद में पिछले साल दिए गए 2545.62 करोड़ रुपये की राशि को अगले बजट में बढ़ाकर 2835.82 करोड़ करने का एलान किया है। राज्य में 12 लाख बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण के लिए इंटेग्रेटिड चाइल्ड डेवलपमेंट स्कीम के तहत 736.99 करोड़ रुपये और नवजात बच्चों के पोषण अभियान के लिए 106.61 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
वित्त मंत्री ने बरनाला और मानसा जिलों में ओल्ड एज होम बनाने के लिए 31.14 करोड़ रुपये का बजट में प्रावधान किया है। मूक-बधिर बच्चों के लिए लुधियाना में 12वीं कक्षा तक एक रेसिडेंशियल स्कूल बनाने के लिए 15 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है।
10- खेल
लुधियाना, राजपुरा, अमरगढ़, धूरी, नवांशहर, खंडूर साहिब और पठानकोट में ब्लाकस्तरीय मल्टीपर्पस स्टेडियम के निर्माण के लिए बजट में 43 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है। वहीं, जालंधर में पीपीपी मोड के तहत एक उच्चस्तरीय खेल स्टेडियम बनाने का भी प्रस्ताव किया गया है।