हरियाणा कांग्रेस विधायक दल ने सोनिया गांधी के नेतृत्व पर जताई आस्था, सर्वसम्मति से प्रस्ताव हुआ पारित
- विधायक दल की बैठक में सरकार को घोटालों पर घेरने की तैयारी
- कुमारी सैलजा के साथ बनाई विधानसभा सत्र की रणनीति
- कोरोना पर कटाक्ष- जब मामले बढ़े तो लॉकडाउन खोल दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोनिया गांधी द्वारा कांग्रेस की कमान संभाले रखने पर सहमति जताने को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया। इसे विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। प्रस्ताव रखते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सोनिया गांधी कांग्रेस की सर्वमान्य नेता हैं। उनके इस फैसले से कांग्रेसियों में उत्साह है। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
बैठक में पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने भी शिरकत की। इस मौके पर विधानसभा में उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि कांग्रेस की तरफ से तीन नए कृषि अध्यादेशों पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में एक के बाद एक हो रहे घोटालों को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
कांग्रेस की मांग है कि शराब घोटाले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज या किसी केंद्रीय एजेंसी से करवाई जाए। साथ ही रजिस्ट्री और शराब घोटाले पर चर्चा की मांग के लिए भी स्थगन प्रस्ताव लाया जाएगा। धान घोटाले पर चर्चा की मांग के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाने की तैयारी है। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि प्रदेश की लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा और कांग्रेस सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएगी।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसान, युवा, व्यापारी, कारोबारी, कर्मचारी, गरीब और मजदूर सबकी आवाज सदन में उठाएगी। कांग्रेस सदन से लेकर संसद तक इनकी लड़ाई लड़ेगी। आज प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार से त्रस्त है। सरकार की किसान नीति से लेकर कोरोना नीति तक सब फेल है। लोगों को राहत व सुविधाएं देने की बजाए सरकार घोटाले करने में व्यस्त है।
कोरेाना को लेकर सरकार पर कटाक्ष
हुड्डा ने स्पीकर समेत कोरोना संक्रमित सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सरकार की कोरोना नीति पूरी तरह भ्रमित करने वाली है। जब कोरोना के चंद केस थे तो लॉकडाउन लगा दिया गया, जब हजारों केस हो गए तो अनलॉक कर दिया गया और अब फिर से वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया गया। एक तरफ सरकार दुकानों और बाजारों को बंद करवा रही है। दूसरी तरफ उसके नेता बरौदा में लोगों की भीड़ जमा करके उनके स्वास्थ्य को जोखिम में डाल रहे हैं।
बरौदा में कांग्रेस जीतेगी
बरौदा उपचुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकार बेशक कितने भी हथकंडे अपना ले लेकिन बरौदा में कांग्रेस की ही जीत होगी। छह साल पूरी तरह नजर अंदाज करने के बाद सरकार अब बरौदा में विकास का ड्रामा कर रही है लेकिन उसके ये प्रलोभन काम नहीं आने वाले। बरौदा की जनता को पता है कि बीजेपी की ये मेहरबानी महज चार दिन की चांदनी है। उसके बाद बाकी हरियाणा की तरह उसे भी अपने हाल पर छोड़ दिया जाएगा। जींद का उदाहरण पूरे हरियाणा के सामने है।