एक्शन में सीएम उड़नदस्ता, एक साथ 15 जिलों के आरटीओ कार्यालय में छापेमारी, मिलीं भारी खामियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के 15 जिलों के आरटीए कार्यालयों में सोमवार को सीएम उड़ने दस्ते ने एक साथ जांच की। इस दौरान भारी खामियां सामने आईं। ज्यादातर कार्यालयों में निर्धारित समय के बाद भी अफसर और कर्मचारी नहीं पहुंचे। वहीं कुछ कार्यालयों में बिना सूचना के गायब मिले। सबसे खराब स्थिति कैथल की रही, जहां अन्य खामियों के साथ ही शराब की खाली बोतलें बरामद हुईं। वहीं फाइलों में जमी धूल देखकर भी टीम सदस्यों ने सवाल उठाए।
अंबाला में जांच के दौरान करीब आधे कर्मचारी और अधिकारी गैरहाजिर मिले। वहीं पानीपत आरटीओ कार्यालय में जांच टीम ने सबसे पहले अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ करा दिये। इसके बाद जांच शुरू की। हाजिरी चेक करने पर चार अधिकारी गैर हाजिर मिले। कैथल आरटीओ कार्यालय में दो कर्मचारी को छोड़कर सभी गैरहाजिर मिले। इसी तरह अन्य जिलों में भी खामियां मिलीं। जांच टीम की ओर से छापेमारी की विस्तृत रिपोर्ट सीएम को भेजी जाएगी। इसके बाद इस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
36 कर्मचारियों में से केवल 6 कर्मचारी दफ्तर में रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के उड़न दस्ते की जांच के दौरान रोहतक आरटीए कार्यालय में 36 कर्मचारियों में छह ही मौजूद मिले, जबकि 13 कर्मचारी बाद में पहुंचे थे। इसके साथ ही 12 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
आरटीए भवन परिसर में मिलीं बियर की खाली बोतलें
सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की संयुक्त टीम सुबह 8:59 पर चरखी दादरी आरटीए ऑफिस पहुंच गई और इस दौरान कोई अधिकारी और कर्मचारी वहां हाजिर नहीं मिले। करीब साढ़े नौ बजे से कर्मचारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ और 11 बजे तक पांच कर्मचारी ही कार्यालय में पहुंचे। भवन परिसर में बियर की खाली बोतलें पड़ी मिलीं।
नारनौल आरटीए कार्यालय के सभी कर्मचारी गैर हाजिर मिले
सीएम उड़नदस्ते ने सुबह नौ बजे आरटीओ कार्यालय पर छापामारी की। इस दौरान कोई भी कर्मचारी टीम को कार्यालय में नहीं मिला। दस बजे चार कर्मचारी काम पर पहुंचे। साढ़े 11 बजे 10 कर्मचारी कार्यालय पहुंचे।
भिवानी में नौ कर्मचारी ही पहुंचे ऑफिस
सीएम फ्लाइंग ने सुबह कार्यालय में छापा मारा तो कार्यालय समय तक कोई कर्मचारी नहीं था। साढ़े नौ बजे तक महज पांच कर्मचारी ही पहुंचे। 10 बजे के बाद तीन कर्मचारी पहुंचे। वहीं आधे कर्मचारी गैर हाजिर रहे।
सुबह 9:02 बजे सिर्फ एक सफाईकर्मी मिला
सोनीपत आरटीए कार्यालय में सोमवार को सीएम फ्लाइंग ने सुबह 9 बजकर दो मिनट पर ही छापा मारा। उस समय कार्यालय में केवल एक सफाईकर्मी ही मिला, जबकि अन्य कर्मचारी और अधिकारी गायब मिले। डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में की गई छापामार कार्रवाई में 9:30 बजे तक केवल तीन स्थायी कर्मचारी पहुंचे तो अन्य सभी 10 बजे तक पहुंचे। एआरटीओ जगबीर एक बजे तक ऑफिस नहीं पहुंचे।
फतेहाबाद में तीन कर्मचारी मिले अनुपस्थित
सीएम फ्लाइंग की सुबह 9.30 बजे छापामारी के दौरान आरटीए दफ्तर के तीन कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। टीम ने इसके बाद भट्टू रोड, रतिया रोड पर सोसाइटी की तीन बसों का चालान किया और राजस्थान की एक प्राइवेट बस को इंपाउंड भी किया।
आरटीए और डीआरडीए दफ्तर में 80 फीसदी कर्मचारी मिले गैरहाजिर
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते द्वारा आरटीए और डीआरडीए दफ्तर में छापेमारी के दौरान सुबह नौ बजे 18 में से 16 कर्मचारी नदारद मिले। वहीं विभाग के सहायक सचिव भी ढाई घंटे से ज्यादा की देरी से पहुंचे। दोनों विभागों में 80 फीसदी से ज्यादा कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए।
जींद में नौ कर्मचारी मिले गैरहाजिर, दो बसों के चालान
छापामारी में नौ बजे आरटीए ऑफिस में केवल छह कर्मचारी काम पर मिले, जबकि नौ कर्मचारी नहीं मिले। ऑफिस के सभी कर्मचारी लगभग दस बजे तक ऑफिस पहुंचे। टीम ने पांच कर्मचारियों की गैरहाजिरी लगाई। टीम ने चार बसों के रूट परमिट नहीं मिलने पर दो बसों के चालान किए गए, जबकि दो बसों को निर्देश देकर रास्ते में ही जब्त कर लिया।
हिसार : 21 में से सिर्फ तीन कर्मचारी मिले समय पर
ऑपरेशन अभियान के तहत हिसार आरटीए कार्यालय में भी सीएम फ्लाइंग ने छापामारी की। 9:30 बजे तक 21 में से केवल ही तीन कर्मचारी ऑफिस पहुंचे। बाकी कर्मी 9:30 बजे के बाद ही पहुंचे।
सिरसा में 17 में से 15 कर्मचारी गैर हाजिर मिले
सुबह नौ बजे सीएम फ्लाइंग व सीआईडी की टीम को ही कार्यालय के गेट खोलने पड़े। इसके बाद भी कार्यालय में दोपहर तक केवल पांच ही कर्मचारी मौजूद हो पाए। टीम ने दोपहर बाद दो बिना परिमट के चल रही बसों के चालान काटे, जबकि दो बसों को चालक भगा ले जाने में कामयाब हो गए।