अमृतसर रेल हादसाः सीएम अमरिंदर सिंह ने इस्राइल दौरा किया स्थगित, सुबह पहुंचेंगे घटनास्थल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार शाम को अमृतसर में दशहरा देख रहे लोगों के ट्रेन तले कुचले जाने की घटना की जांच के आदेश दिए है। मुख्यमंत्री ने इस्राइल यात्रा स्थगित कर दी है और अब वे सुबह अमृतसर जाएंगे ताकि व्यक्तिगत रूप से नुकसान का आकलन कर सकें । मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल के अनुसार हादसे के बाद उपजे हालात पर काबू पाने के लिए डीजीपी के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल पर रवाना कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर कार्य करते हुए, पुनर्वास मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया और स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अमृतसर पहुंच गए हैं। गृह सचिव, स्वास्थ्य सचिव और डीजीपी (लॉ एंड आर्डर) भी अमृतसर के लिए रवाना हो चुके हैं। कैप्टन अमरिंदर ने जिला प्रशासन को दुखद स्थिति से निपटने में मदद करने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक और पुलिस कर्मियों को युद्धस्तर संगठित करने का आदेश दिया है।
उन्होंने मुख्य सचिव को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों को तुरंत अमृतसर के अस्पतालों में संभालने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक अधिकारियों को तैनात किया जाए। घायल लोगों को तत्काल निशुल्क उपचार और देखभाल प्रदान करने के लिए सभी निजी अस्पतालों को भी सरकारी अस्पतालों के साथ खुले रहने के लिए कहा गया है।
दु:ख की इस घड़ी में जिला प्रशासन को अपनी सरकार के पूर्ण सहयोग का उल्लेख करते हुए, हादसे से दुखी कैप्टन अमरिंदर ने घटनास्थल पर आवश्यक सभी प्रशासनिक और पुलिस बलों को तत्काल तैनात करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की पूरी तरह से जांच की जाएगी, जिसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि रेलवे ट्रैक पर पुतला जलाने की अनुमति क्यों और कैसे दी गई।