वोटिंग के दौरान भिड़े भाजपाई, नेता को हार्टअटैक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के यमुनानगर में विधानसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर हुई वोटिंग के दौरान भाजपाई आपस में भिड़ गए। इस दौरान भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पवन तायल को हार्टअटैक पड़ गया। उन्हें फौरन एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष आत्मप्रकाश मनचंदा और पूर्व मंत्री शशीपाल मेहता ऑब्जर्वर के रूप में यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया पूरी करवाने शुक्रवार को भाटिया नगर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में आए थे। यहां वोटिंग से पूर्व हाल ही में भाजपा में शामिल हुए व्यापारी नेता महेंद्र मित्तल अपने साथियों सहित मौजूद थे।
वोटिंग प्रक्रिया पर दो पक्षों में हाथापाई
उम्मीदवार के चयन के लिए वोटिंग शुरू होने पर महेंद्र मित्तल ने वोटिंग प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसका विरोध किया और व्यापारी एकता जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पवन तायल और अन्य ने महेंद्र मित्तल को नारेबाजी करने से रोका। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। वहां मौजूद अन्य नेताओं ने बीचबचाव कर मामला शांत करवाया। करीब पांच मिनट बाद ही पवन तायल की तबियत बिगड़ने लगी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक पड़ा है। उधर, वोटिंग के फौरन बाद भाजपा नेता एक बार फिर आपस में उलझ गए।
उम्मीदवार के चयन के लिए 83 ने की वोटिंग
वहां मौजूद भाजपा नेता राकेश त्यागी और भाजपा मजदूर मोर्चा के प्रदेश मंत्री प्रदीप शर्मा ने ऑब्जर्वरों से कहा कि वोटिंग का अधिकार कुछ ऐसे व्यक्तियों को दिया गया है, जिनके बारे में संगठन के सभी पदाधिकारियों को पता भी नहीं है।
इस बात को लेकर भाजपा पार्षद और सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू और प्रदीप शर्मा आपस में उलझ गए। अन्य नेताओं ने बीचबचाव कर हाथपाई की नौबत नहीं आने दी।
यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार के चयन के लिए कुल 83 व्यक्तियों ने अपने मत डाले। इनमें यमुनानगर, जगाधरी वर्कशॉप और बूड़िया मंडल के पदाधिकारी, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य और पार्षद शामिल थे। प्रत्येक सदस्य से उम्मीदवार के तीन-तीन नाम मांगे गए। उम्मीदवार के चयन के लिए हुई वोटिंग लिस्ट सीलबंद लिफाफों में ऑब्जर्वर अपने साथ ले गए।