आज से मौसम होगा साफ: पहाड़ों में बर्फबारी से चंडीगढ़ में शीत लहर, आठ डिग्री गिरा पारा, ठंड से ठिठुरे लोग
शुक्रवार को दिन भर हुई रुक-रुककर बारिश ने चंडीगढ़ में ठंड बढ़ा दी है। हालांकि शनिवार को मौसम साफ रहेगा और धूम निकल सकती है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में 13 डिग्री अधिकतम और 9.3 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहाड़ी इलाकों पर हो रही बर्फबारी की वजह से चंडीगढ़ के तापमान में भारी गिरावट हुई है। शीत लहर के चलते लोग ठिठुर रहे हैं। शुक्रवार सुबह शुरू हुई बारिश कुछ इलाकों में शाम तक जारी रही। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में आठ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा।
शुक्रवार को रुक रुक कर पूरे दिन हल्की बारिश होती रही। सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे के बीच 2 एमएम पानी बरसा और पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 22 एमएम पानी बरसा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से यह बारिश हुई है। हल्की बारिश से अधिकतम तापमान में आठ डिग्री की गिरावट के साथ 13 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार से मौसम साफ हो जाएगा और धूप निकलने की संभावना है। हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री रहने के आसार हैं। अब अगले बुधवार को फिर मौसम करवट ले सकता है और हल्के बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
हल्लोमाजरा में जलभराव से जीना दूभर
नगर निगम अधिकारियों के सफाई और स्वच्छता के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। हल्लोमाजरा में जल निकासी की विफल व्यवस्था स्थानीय लोगों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। कुछ मिनट की बारिश में रास्ते पानी से भर जाते हैं, इस कारण लोगों को आने-जाने के लिए पानी में से ही गुजरना पड़ता है।
हल्लोमाजरा में पोस्ट ऑफिस की सड़क की हालत बद से बदतर है। यहां न सिर्फ बरसात का पानी भरता है, बल्कि सीवर जाम हो जाने से गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। अपने काम पर जाने वाले लोग और स्कूल जाने वाले बच्चों को इस पानी में से होकर ही जाना पड़ता है। यह समस्या कई वर्षों से ज्यों की त्यों ही है। इस गंदगी में रहना अब लोगों की मजबूरी बन चुका है। इस समस्या के संबंध में स्थानीय लोग निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं मिल पाया है।
गंदा पानी दे रहा है बीमारियों को बुलावा
स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन सीवर का गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। जलभराव के कारण कई प्रकार की घातक बीमारियां फैल सकती हैं। अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी सभी को इन बीमारियों के डर के साथ ही रहना पड़ रहा है।
खेल का मैदान बना दलदल
एक मैदान जो बच्चों के खेलने की प्रमुख जगह हुआ करता था, अब दलदल में बदल चुका है। पहले बच्चे यहां खेलते थे, साइकिल चलाते थे। अब यहां सीवर का गंदा पानी भरा रहता है। दलदल बन चुके इस मैदान से बदबू आती है। लोगों को इस सबके चलते बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारी नहीं देते संतोषजनक जवाब
स्थानीय लोगों नें अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत करा चुके हैं। जब भी लोग शिकायत करने जाते हैं, उनके पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं होता है। उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जाता है।
क्या कहते हैं स्थानीय लोग
कई सालों से यहां की हालत ऐसी ही बनी हुई है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, पर लगता है कि नगर निगम को हमारी समस्या से कोई मतलब ही नहीं है।- कबीर, स्थानीय निवासी
जब सड़क पर पानी भर जाता है तो घर से मंदिर जाना भी दुश्वार हो जाता है। लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। अब तो निगम से समाधान की उम्मीद भी नहीं रही। -राजवीर सैनी, स्थानीय निवासी
थोड़ी-सी बरसात हो जाने पर लोग अपने-अपने घरों में कैद हो जाते हैं। लगातार शिकायत कर रहे हैं। नगर निगम जाने कब जागेगा।- कमलजीत सिंह, स्थानीय निवासी
जल भराव हो जाने पर निगम की तरफ से लोग आते हैं और सीवर का ढक्कन खोल जाते हैं। अगर कभी कोई सीवर में गिर जाए तो कौन जिम्मेदार होगा? -प्रभजोत, स्थानीय निवासी
क्या कहते हैं अधिकारी
उतार-चढ़ाव वाला क्षेत्र है, तो कभी-कभी बरसात का पानी जमा हो जाता है। जल्द इसका निरीक्षण कर निराकरण करवा दिया जाएगा। - विजय प्रेमी, एसई, पब्लिक हेल्थ